-समस्याओं के समाधान के लिए नगर आयुक्त पहुंचे जनता के द्वार
-इंदिरापुरम में हुई जन चौपाल, 7 वार्डों के पार्षदों सहित क्षेत्र वासियों ने की सीधी बात
-इंदिरापुरम के 97 पार्कों को सुसज्जित करने का कार्य प्रारंभ, निर्माण कार्यों को मिली गति
-जन चौपाल में प्राप्त हुए आठ संदर्भ, सीवर ओवरफ्लो समस्या रही प्रमुख
उदय भूमि
गाजियाबाद। जन समस्याओं के समाधान को लेकर जन चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। इंदिरापुरम वार्ड संख्या 100 शिप्रा सनसिटी के बाल वाटिका पार्क में शुक्रवार को जन चौपाल लगाई गई। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की अध्यक्षता में लगी चौपाल में लोगों की समस्याओं को सुना गया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, अधिशासी अभियंता देशराज सिंह, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह आदि अधिकारी भी उपस्थित रहे। जन चौपाल के दौरान नगर आयुक्त द्वारा क्षेत्र वासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक बहिष्कार के लिए अपील की। क्षेत्र वासियों को गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग कर निगम के डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन वाहनों को देने के लिए भी अपील की गई। इंदिरापुरम क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण की समस्या क्षेत्रीय निवासियों द्वारा बताई गई जिस पर नगर आयुक्त द्वारा जोनल प्रभारी एसके राय को अभियान चलाने के निर्देश दिए।
वार्ड संख्या 57 वार्ड संख्या राधेश्याम त्यागी, वार्ड संख्या 100 संजय सिंह, वार्ड संख्या 79 हरीश, वार्ड संख्या 81 धीरज, वार्ड संख्या 87 अनुज, वार्ड संख्या 99 अभिनव जैन व अन्य निवासियों द्वारा नगर आयुक्त और निगम अधिकारियों का इंदिरापुरम हैंडोवर को लेकर धन्यवाद एवं स्वागत भी किया गया। जन चौपाल में आठ संदर्भ प्राप्त हुए। साथ ही सीवर मैन हॉल ओवरफ्लो की समस्या के समाधान को लेकर चर्चा भी की गई। नगर निगम द्वारा इंदिरापुरम में 97 पार्कों को सुसज्जित करने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। नगर आयुक्त द्वारा रफ्तार से कार्यवाही करने के उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह को निर्देश दिए गए। साथ ही डॉक्टर अनुज कुमार सिंह ने बताया कि सभी वार्डों में ओपन जिम भी लगाने का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
निर्माण एवं जलकल विभाग को भी इंदिरापुरम क्षेत्र में रफ्तार से कार्य करने के लिए कहा गया। जन चौपाल के दौरान क्षेत्र वासियों ने इंदिरापुरम अंतर्गत बनने वाले जोनल ऑफिस पर प्रशंसा भी जाहिर की। महापौर सुनीता दयाल एवं नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में इंदिरापुरम क्षेत्र में भी विकास के कार्यों को रफ्तार देने का कार्य निगम कर रहा है। नगर आयुक्त ने बताया कि जन समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर हो इसके लिए नगर निगम तत्परता से कार्य कर रही है। इसी क्रम में जन चौपाल सभी जोन में होगी। जिसे आंतरिक वार्डों में रहने वाले निवासियों से समन्वय बना रहेगा एवं उनकी समस्याओं का समाधान मौके पर करने का प्रयास रहेगा। साथ ही निगम की योजनाओं के साथ जन-जन को जोड़ने का कार्य जन चौपाल के माध्यम से पूर्ण होगा।