-छठ घाट की व्यवस्था के लिए किए गए पुख्ता इंतजाम, नगर आयुक्त ने अधिकारियों की लगाई जिम्मेदारी
-264 सफाई कर्मी, 64 डस्टबिन, 8 मोबाइल टॉयलेट, 102 पानी की टोटी, 18 चेंजिंग रूम की निगम ने घाटों पर होगी विशेष व्यवस्था
गाजियाबाद। हिंदू धर्म में त्योहारों का बहुत अधिक महत्व होता है। इस समय त्यौहार का सीजन भी चल रहा है। जिसमें एक के बाद एक त्योहार आते रहते हैं। जिनको मनाने की परंपरा भी खास होती है। इसी में एक त्यौहार है छठ पूजा। जिसको मनाने की परंपरा अपने आप में अनोखा है। दीपावली का त्यौहार खत्म होते ही छठ पूजा की तैयारी को लेकर नगर निगम अलर्ट हो चुका है। इसके साथ ही महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की भी व्यवस्था की जा रही है। घाट पर पूरी लाइटिंग लगाई जा रही है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में छठ घाट पर बेहतर व्यवस्था कराई जा रही है, जिसके क्रम में विभागीय अधिकारियों की ड्यूटी भी तय की गई है। हिंडन घाट पर ही आकर महिलाएं जल में खड़ी होती हैं। सुबह होते ही सूर्योदय से पहले आकर पूजा पाठ करती हैं। छठ पूजा के दिन पर लगे मेले में काफी भीड़ होती है। अर्घ देने वाली महिलाओं के साथ ही पूरे परिवार के लोग आते हैं और यहां मेले का आनंद लेते हैं। नगर आयुक्त के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा छठ स्थलों पर सफाई व्यवस्था सुदृढ़ की गई है। जिसके क्रम में 64 डस्टबिन की व्यवस्था, आठ मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था, 264 सफाई कर्मचारियों की टीम, 102 पानी की टोटी, 18 चेंजिंग रूम, व अन्य आवश्यक व्यवस्था को घाटों पर व्यवस्थित किया गया है।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश कुमार ने बताया कि घाटों पर विसर्जन होने वाली पूजन सामग्री को बैरिकेडिंग के माध्यम से व्यवस्थित करने की भी योजना बनाई गई है। जलकुंभी को व्यवस्थित करने के लिए सिंचाई विभाग की टीम को बढ़ाने के लिए निर्देश दिए हैं। निविदा आमंत्रित लगभग 67 छठ घाटों पर पूर्व वर्ष की भांति इस वर्ष भी मरम्मत का कार्य तेजी से चल रहा है। मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी ने बताया पूर्व की भांति इस वर्ष भी चिन्हित छठ घाटों पर रंगी पुताई का कार्य, टूट-फूट को सही करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। निर्धारित रूट पर भी मार्गों पर लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। जिससे व्यवस्थाओं को बेहतर किया जा सकें। श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मार्गो के साथ-साथ छठ घाट पर भी प्रकाश की विशेष व्यवस्था की गई है।
नगर आयुक्त के निर्देश के क्रम में मुख्य छठ घाट हिंडन तट पर लाइट की विशेष व्यवस्था के लिए कहा गया है। छठ घाट को आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम जुटा हुआ है। नगर आयुक्त द्वारा शहर वासियों तथा श्रद्धालुओं से छठ महोत्सव एवं अन्य आयोजित कार्यक्रमों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए अपील की गई है। मुख्य हिडन छठ घाट पर नगर निगम द्वारा होर्डिंग के माध्यम से आगंतुकों को छठ महापर्व को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए जागरूक किया गया है। महाप्रबंधक जल आनंद त्रिपाठी ने बताया कि मुख्य छठ घाट हिंडन तट पर टैंकरों के माध्यम से गंगाजल की व्यवस्था भी कराई गई है। अन्य छठ घाटों पर भी पूजा अर्चना के लिए जल की व्यवस्था कराई गई है। नदी में कई ऐसे स्थान है जहां की गहराई काफी है वहां छठ व्रतियों को उतरने नहीं दिया जाए, उसके लिए बेरिकेडिंग लगाई है।

















