-प्रकाश विभाग के अधिकारियों के साथ महापौर ने की बैठक
गाजियाबाद। शहर में बड़ी संख्या में स्ट्रीट लाइटों के खराब होने के चलते कई सड़कों पर रात में अंधेरा छाया रहता है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए महापौर सुनीता दयाल ने नगर निगम के प्रकाश विभाग के अधिकारियों को प्रकाश व्यवस्था जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि प्रकाश विभाग के अधिकारी और कर्मचारी क्षेत्रों में मुस्तैद रहे अन्यथा कार्रवाई के लिए वह स्वयं जिम्मेदार होंगे। शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय स्थित अपने दफ्तर में महापौर सुनीता दयाल ने प्रकाश प्रभारी आश कुमार,अवर अभियंता अजय कुमार सिंह, लाइट इंस्पेक्टर विजयनगर तरन्नुम नकवी, प्रकाश निरीक्षक प्रदीप कुमार, देवेंद्र शर्मा, जय प्रकाश गिरी, स्टोर कीपर संजय वर्मा आदि अधिकारियों के साथ बैठक की।
महापौर ने कहा कि प्रकाश विभाग द्वारा पूर्व में बेहतर काम किया गया। मगर कुछ समय से शहर के विभिन्न स्थानों पर स्ट्रीट लाइटों के खराब होने की बहुत शिकायत मिल रही है। रात में सड़कों पर अंधेरा रहता है। इसको लेकर महापौर ने अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए कहा कि शहर में स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था सुचारू रूप से नहीं हो रही है। प्रकाश विभाग में लाइट व अन्य सामग्री की कमी है तो उसे खरीदा जाए। शहर में तत्काल प्रकाश व्यवस्था सुचारु की जाए। इसके साथ ही प्रकाश विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्र में दिखाई देने चाहिए।
अगर कोई कर्मचारी काम पर नहीं आता है तो उसे बाहर का रास्ता दिखाया जाए। नए कर्मचारियों को भर्ती कर शहर में लाइटों की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। लाइट खराब होने की शिकायत मिलते ही उसे ठीक कराने के निर्देश दिए। महापौर ने प्रकाश प्रभारी आश कुमार और टीम को क्षेत्रों में रहने और समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए। अगर कोई समस्या आती है तो वह अवगत कराए।
















