-यमुना प्राधिकरण के मास्टर प्लान-2041 में एविएशन हब भी हुआ शामिल
-आगामी 28 नवंबर को 79 वीं बोर्ड बैठक में बोर्ड से मंजूरी के लिए रखा जाएगा प्रस्ताव
-फेज वन में बुलंदशहर व गौतमबुद्ध नगर के 131 गांवों को किया शामिल
उदय भूमि ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। प्रदेश के सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक विकास प्राधिकरण में शामिल यमुना प्राधिकरण के लिए आगामी बोर्ड बैठक बेहद महत्वपूर्ण है। बोर्ड बैठक में यमुना सिटी को अंतर्राष्ट्रीय पटल पर स्थापित करने वाले एविएशन हब से संबंधित महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा जाएगा। 28 नवंबर होने वाली बोर्ड बैठक में मास्टर प्लान, शहर के विकास, भविष्य का रोडमैप, प्राधिकरण क्षेत्र में आने वाले गांवों में विकास कार्य सहित कई अन्य प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है। बैठक में 28 प्रस्ताव रखे जाएंगे। इन प्रस्तावों में से सबसे अधिक चर्चा एविएशन हब से जुड़े प्रस्ताव को लेकर है। जेवर में एशिया का सबसे बड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ ही यहां एमआरओ सेंटर भी बनेगा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट इंटरनेशनल ट्रांजिट हब बनेगा। भविष्य की इन्हीं संभावनाओं को देखते हुए सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह के निर्देशन में यमुना प्राधिकरण द्वारा एविएशन हब योजना पर बड़ी ही बारीकी से काम किया जा रहा है।
28 नवंबर को सुबह 11 बजे से शुरू होने वाली बोर्ड बैठक में जितने भी प्रस्ताव रखे जाएंगे उसमें से सबसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव एविएशन हब से संबंधित प्रस्ताव को माना जा रहा है। दरअसल यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मास्टर प्लान-2041 में अब एविएशन हब को भी शामिल कर लिया गया है। इससे मास्टर प्लान एरिया का क्षेत्रफल 1200 हेक्टेयर क्षेत्रफल और बढ़ गया है। यीडा की 79 वीं बोर्ड बैठक में सबसे पहले 78वीें बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि की जाएगी। इसके बाद प्राधिकरण के वित्तीय स्थिति को लेकर पिछले वर्ष इस वर्ष के सापेक्ष में आय व्यय सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा होगी। बैठक में स्वामित्व योजना से संबंधित प्रस्ताव को भी रखा जाएगा। 17वें नंबर पर मास्टर प्लान से संबंधित प्रस्ताव रखा जाएगा। यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण ने मास्टर प्लान 2041 को लेकर दो आपत्तियां आई थी जिसका निस्तारण करने के बाद मास्टर प्लान को बोर्ड में रखा जा रहा है। बोर्ड बैठक में पास होने के बाद मास्टर प्लान प्रस्ताव को शासन के समक्ष भेजा जाएगा। मास्टर प्लान 2041 में अब क्षेत्रफल 32167 हेक्टेयर से बढ़कर 33,367 हेक्टेयर हो गया है।
यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण के फेज वन में गौतमबुद्ध नगर व बुलंदशहर जिले का अधिसूचित क्षेत्र शामिल है। मास्टर प्लान 2021 में प्राधिकरण ने दोनों जिलों के कुल मिलाकर 96 गांवों को शामिल किया था। हालांकि अभी प्राधिकरण की योजनाओं के लिए केवल 29 गांवों की जमीन ही ली गई है। यमुना प्राधिकरण ने मार्स एसोसिएट्स से मास्टर प्लान 2041 तैयार कराया है। इसमें बुलंदशहर व गौतमबुद्ध नगर के 131 गांवों को शामिल किया गया है। मास्टर प्लान में फेज वन का क्षेत्रफल 32167 हेक्टेयर हो गया है। उद्योग के लिए आरक्षित क्षेत्र 13 प्रतिशत से बढ़ाकर 23 प्रतिशत कर दिया है। 24 अगस्त को 74 वीं बोर्ड बैठक में मास्टर प्लान 2041 को स्वीकृति मिलने के बाद यमुना प्राधिकरण ने लोगों से आपत्ति मांगी थीं। यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉक्टर अरूणवीर सिंह ने मास्टर प्लान 2041 में अब एविएशन हब का 1200 हेक्टेयर भी शामिल कर लिया है। 28 नवंबर को होने वाले बोर्ड बैठक में मास्टर प्लान को मंजूर करने का प्रस्ताव रखा जाएगा। बोर्ड से प्रस्ताव मंजूर होने के बाद उसने शासन को भेजा जाएगा। शासन से मंजूर होने के बाद मास्टर प्लान 2041 लागू हो जाएगा।
















