-जिलाधिकारी के निर्देश पर आयोजित व्यापार बंधु बैठक में उठे अतिक्रमण, शराब दुकानों और पैठ बाजार जैसे अहम मुद्दे
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जिले में व्यापारिक माहौल को बेहतर बनाने और व्यापारियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए जिलाधिकारी दीपक मीणा के निर्देश पर सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय व्यापार बंधु बैठक विकास भवन के दुर्गावती देवी सभागार में आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने बैठक में कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान गुणवत्तापूर्ण तरीके से और शीघ्रता से किया जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित विभागीय अधिकारी समस्या निस्तारण में तत्परता दिखाएं, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीडीओ ने व्यापारिक संगठनों से आग्रह किया कि वे समस्याओं की विशिष्ट सूची बनाकर प्रशासन को सौंपें ताकि त्वरित और व्यवस्थित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। बैठक के दौरान व्यापारी संगठनों ने पैठ बाजार की अव्यवस्था, सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण, शराब की दुकानों से हो रही असुविधाओं, नगर निगम में संपत्ति हस्तांतरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने तथा राजनगर एक्सटेंशन में सफाई और सड़कों की जर्जर स्थिति जैसे अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
बैठक में एसीपी ट्रैफिक जियाउद्दीन अहमद, नगर निगम के सहायक अभियंता एसपी मिश्रा, जिला सूचना अधिकारी वाई.पी. सिंह, राज्य कर उपायुक्त चंद्रकांत भूषण सहित जीडीए, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग आदि के अधिकारी उपस्थित रहे। व्यापारिक संगठनों की ओर से तिलकराज अरोड़ा, संदीप बंसल, अशोक चावला, अशोक भारती, केसरी मिश्र और प्रशांत सरैया ने भाग लिया। राज्य कर विभाग के उपायुक्त (प्रशासन) चंद्रकांत भूषण ने बैठक का संचालन किया। व्यापारी प्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन की सक्रियता से व्यापारी वर्ग को राहत की उम्मीद बंधी है।















