-3 जोन और 9 सब-जोन में बंटा पूरा जनपद, ट्रैफिक व्यवस्था पर खुद पुलिस कमिश्नर की सख्त नजर
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आगामी त्योहार और प्रतियोगी परीक्षाओं के मद्देनजर ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर गाजियाबाद पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़ ने बुधवार को पुलिस मुख्यालय सभागार में उच्चाधिकारियों संग मैराथन समीक्षा बैठक कर निर्देश दिए कि भीड़-भाड़, मूर्ति विसर्जन और परीक्षाओं के दौरान किसी भी कीमत पर यातायात बाधित नहीं होना चाहिए। 6 सितंबर को गणेश चतुर्थी पर मूर्ति विसर्जन और 7-8 सितंबर को पीईटी की परीक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर है। ट्रैफिक पुलिस को सख्त आदेश दिए गए हैं कि भीड़भाड़ वाले बाजारों, धार्मिक स्थलों और मुख्य मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर यातायात सुचारु रखा जाए। बैठक में एडिशनल पुलिस कमिश्नर अपराध एवं कानून-व्यवस्था आलोक प्रियदर्शी, एडीसीपी ट्रैफिक सच्चिदानंद, सहायक पुलिस आयुक्त और ट्रैफिक इंस्पेक्टर मौजूद रहे। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि यातायात व्यवस्था जनता की धड़कन है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। प्रभावी निगरानी और त्वरित कार्रवाई ही हमारी प्राथमिकता है। गणेश विसर्जन के दौरान मुख्य मार्गों पर अतिरिक्त बल तैनात होगा।
रूट डायवर्जन का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा और श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि नो हेलमेट-नो फ्यूल अभियान में किसी भी तरह की ढिलाई न हो। नियम तोडऩे वाले पेट्रोल पंप मालिकों और कर्मचारियों पर भी कार्रवाई होगी। राजनगर एक्सटेंशन के फॉर्च्यून कट, अजनारा कट और रिवर हाईट सोसायटी गोलचक्कर जैसे इलाकों में अक्सर ट्रैफिक जाम रहता है। पुलिस ने जीडीए अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर यहां यू-टर्न बनाए जाने की योजना पर तेजी से काम शुरू किया है। वहीं साहिबाबाद थाना के सामने कट बंद कर नया यू-टर्न बनाने का भी निर्णय लिया गया है। जिले को 3 जोन और 9 सब-जोन में बांटते हुए सभी ट्रैफिक इंस्पेक्टरों को अपने क्षेत्र की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने और क्षतिग्रस्त सड़कों के मरम्मत कार्य के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने का आदेश दिया गया है।
यातायात पुलिस का कंट्रोल रूम नंबर 9643322904 पर 24 घंटे सक्रिय रहेगा। साथ ही पुलिस ने घोषणा की कि ऑटो और ई-रिक्शा संचालन को सुव्यवस्थित करने के लिए उन्हें यूनिक क्यूआर कोड और कलर स्टिकर्स दिए जाएंगे। इसके साथ ही सभी वाहनों का डेटा सॉफ्टवेयर में फीड किया जाएगा। पुलिस कमिश्नर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ट्रैफिक अपडेट और सराहनीय कार्यों को लगातार पोस्ट करने के निर्देश भी दिए। पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़ ने अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी कि अगली समीक्षा बैठक तक जमीनी सुधार दिखना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को त्योहारों पर सुरक्षित, सुगम और निर्बाध ट्रैफिक का अनुभव होना चाहिए। यही गाजियाबाद पुलिस की प्रतिबद्धता है।
















