लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीद करते थे तस्करी, आबकारी विभाग के हत्थे चढ़े दो तस्कर

-अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने छेड़ा अभियान
-रात-दिन चल रही छापेमारी, जनपद में अवैध शराब माफिया पर कसा शिकंजा

उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। शराब तस्करी के खिलाफ गौतमबुद्ध नगर में आबकारी विभाग का अभियान लगातार तेज़ होता जा रहा है। बाहरी राज्यों से शराब की आवाजाही पर लगे प्रतिबंध के बाद अब तस्कर जिले की लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीदकर उसे अवैध रूप से ऊंचे दामों पर बेचने का धंधा करने लगे हैं। मगर आबकारी विभाग ने इस नए चलन पर भी पैनी निगाह रखते हुए तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में गठित विशेष टीमों द्वारा जिले के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर दो सक्रिय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। ये तस्कर लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीदकर उसे रिहायशी इलाकों में, दुकानों के बंद होने के बाद या फिर सुबह के समय अधिक कीमत पर बेचते थे।

आबकारी विभाग ने गुप्त सूचना और अपने मजबूत मुखबिर तंत्र के माध्यम से उन लाइसेंसी दुकानों की निगरानी शुरू की जहां से शराब लेकर कुछ लोग अवैध तरीके से उसे बेच रहे थे। इस जांच के आधार पर दो टीमों को अलग-अलग स्थानों पर दबिश देने के निर्देश दिए गए। आबकारी निरीक्षक रवि जायसवाल के नेतृत्व में सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर 47 सर्विस रोड के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान नन्हेलाल पुत्र महावीर निवासी प्रसिद्धपुर, बदायूं को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से उत्तर प्रदेश मार्का की 45 पौवे देशी शराब बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया। इसी क्रम में आबकारी निरीक्षक डॉ. शिखा ठाकुर की टीम ने सेक्टर 135 स्थित नगला नगली रोड पुस्ता पर छापा मारा। यहां से कासिम पुत्र अकबर अली नामक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से भी 45 पौवे कटरीना ब्रांड की देशी शराब बरामद की गई। वह भी लाइसेंसी दुकान से शराब खरीदकर ऊंचे दाम पर पुन: बेच रहा था।

आबकारी विभाग की टीमें न केवल दुकानों की निगरानी कर रही हैं, बल्कि शराब तस्करों के घरों और ठिकानों पर दिन और रात दबिश दे रही हैं। लाइसेंसी दुकानों के विक्रेताओं पर भी विभाग की नजर है, ताकि कोई भी कानून का दुरुपयोग न कर सके। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि अवैध शराब की तस्करी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चाहे शराब बाहरी राज्य से लाई जा रही हो या फिर लाइसेंसी दुकान से खरीदी जा रही हो, कानून तोडऩे वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं और हर सूचना पर तत्परता से कार्रवाई की जा रही है। आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति शराब की अवैध बिक्री करता है या किसी संदिग्ध गतिविधि में लिप्त है, तो उसकी जानकारी नजदीकी पुलिस थाने या आबकारी विभाग को दें। विभाग द्वारा जानकारी देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।