तीन दिवसीय वृक्षारोपण कार्यक्रम में मॉडर्न कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज के छात्रों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

-वृक्षारोपण जैसे कार्य को आज के परिवेश में जन आंदोलन बनाने की जरूरत: डॉ. निशा ठाकुर

गाजियाबाद। पर्यावरण को सुरक्षित एवं संवर्दि्धत करने के लिए मॉडर्न कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज, मोहन नगर के पर्यावरण क्लब एवं कमेटी फॉर एक्सटेंशन एक्टिविटीज एंड कम्युनिटी आउटरीच प्रोग्राम व अमृत मंथन वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त सौजन्य से आयोजित तीन दिवसीय वृक्षारोपण कार्यक्रम का मंगलवार को आयोजन किया गया। वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ मिल्टन एकेडमी, करहैड़ा के प्रांगण से किया गया। इस वृक्षारोपण कार्यक्रम में मिल्टन अकैडमी की प्रधानाचार्या शालिनी के साथ सभी छात्र छात्राओं व शिक्षकों ने सम्मिलित होकर अत्यंत जोश व उत्साह के साथ विभिन्न प्रकार के वृक्षों जैसे जामुन, अशोक, बरगद, पीपल, नीम, आम आदि का रोपण किया।

महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर निशा सिंह ने वृक्षारोपण के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि जीवन की दृष्टि से पर्यावरण मानव के लिए सर्वोच्च जरूरत है। जल, जंगल और जमीन तीनों उसके प्रमुख आधार हैं। विकास के मौजूदा मॉडल की विफलता यह कि जीवन के इन तीनों आधारों को प्रदूषण ने लील लिया है। पर्यावरण पूरी तरह प्रदूषित हो चुका है। इस दिशा में समाज और सरकार को स्वच्छता और वृक्षारोपण को एक जन आंदोलन बनाने की तरफ सोचना होगा, जिसके लिए समाज की सहभागिता होना पहली और आवश्यक शर्त है।

पर्यावरण को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत ही आवश्यक है। वृक्षारोपण जैसे कार्य को आज के परिवेश में जन आंदोलन बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा पेड़ों को मनुष्य का सबसे अच्छा दोस्त कहा जाता है। वास्तव में यदि पेड़ नहीं होते तो धरती पर जन जीवन ही नहीं होता। पेड़ हमें विभिन्न प्रकार के फलों और सब्जियों की प्रचुरता प्रदान करते हैं वहीं इनसे हमें प्राणवायु ऑक्सीजन भी मिलती है। कोरोना काल में ऑक्सीजन का महत्व किसी से छिपा नहीं है।

अनेक लोगों ने आक्सीजन के अभाव में अपनों को खो दिया। पर्यावरण को बचाने के लिए हमें अभी से तेजी के साथ प्रयास करने होंगे, अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनका संरक्षण करना होगा, तभी अब अपनी आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ पर्यावरण दे सकते हैं। इस दौरान कार्यक्रम की समन्वयक शिक्षा विभाग की प्रवक्ता डॉ रजनी शर्मा रहीं। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।