पर्यावरण को हरियाली से संवारने के लिए निगम आज लगाएगा 1 लाख 45 हजार पौधे

-नगर आयुक्त ने अधिकारियों संग लिया व्यवस्थाओं का जायजा
-साई उपवन के पीछे बनेगा फलदार वृक्षों का वन
-रोपा गया प्रत्येक पौधा सुरक्षित व संरक्षित भी रहे: विक्रमादित्य सिंह मलिक

गाजियाबाद। 20 जुलाई को निर्धारित वृहद पौधरोपण अभियान को सफल बनाने के लिए नगर निगम ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। नगर निगम द्वारा आज 1 लाख 45 हजार पौधे लगाए जाएंगे। साई उपवन के पीछे फलदार वृक्षों का वन बनाया जाएगा। शुक्रवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निगम अधिकारियों के साथ तैयारियों का जायजा लिया। निगम द्वारा लगभग 1 लाख 45 हजार पौधे अलग-अलग स्थानों पर रोपित किए जाएंगे। जिसके लिए लगभग 1200 पार्को में स्थान को चिन्हित किया गया है। गड्ढे खोदने का कार्य भी पूर्ण हो चुका है। इसके अलावा सड़कों के किनारे खाली मैदान में जन सहयोग से बृहद अभियान के रूप में पौधारोपण किया जाएगा। नगर आयुक्त ने बताया शहरवासियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण बनाने के प्रयास में नगर निगम जुटा हुआ है। जिसके लिए अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए जन-जन को जागरूक किया जा रहा है। इस अभियान में पार्षदों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अभियान के रूप में पौधारोपण किया जाएगा।

बनने वाले बायोडायवर्सिटी पार्क के पास साईं उपवन के पीछे लगभग एक एकड़ भूमि पर पौधारोपण किया जाएगा। उक्त स्थान पर काफी कूड़ा था, जिसको हटाकर उक्त स्थान का सदुपयोग करते हुए उधर ओपन की तैयारी की गई है। 5000 लगभग पौधे लगाए जाएंगे, सभी पौधे फलदार होंगे। जिसके लिए गड्ढे खोदे गए हैं। आम, बेलपत्र, जामुन, अमरूद, अन्य फल के पौधे लगाने के लिए कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। नगर आयुक्त ने अपील की है कि वे आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य, अच्छे स्वास्थ्य, प्रदूषण मुक्त वातावरण व अनुकूल जलवायु के लिए पौधरोपण अभियान में अपनी अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित कर पौधरोपण करें। रोपा गया प्रत्येक पौधा सुरक्षित व संरक्षित रहे, इसकी भी सभी जिम्मेदारी निभाये। उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया नगर आयुक्त के निर्देशानुसार आज यानी शनिवार को होने वाले पौधरोपण की सभी तैयारी पूरी की जा चुकी है।

शासन द्वारा दिए गए लक्ष्य से अधिक पौधे लगाने का प्रयास है, जिसे सफल बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। पौधरोपण अभियान में पार्षदों के साथ जनप्रतिनिधियों को भी शामिल किया जा रहा है। लगभग 1 लाख 45 हजार पौधे लगाए जाएंगे। कई सामाजिक संस्थाएं भी निगम का सहयोग करेगी। पौधों को लगाने के साथ-साथ उनका जीवित रखने का उद्देश्य रखते हुए कई आरडब्लूए पदाधिकारी व सामाजिक संस्थाएं पौधों को वृक्ष बनाने की जिम्मेदारी ले रही हैं। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, अवनिंद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार व अन्य उद्यान की टीम उपस्थित रही।