ट्रेन में यात्रियों से मेलजोल बढ़ाकर करता था मोबाइल चोरी, चोरी के मोबाइल की पश्चिम बंगाल में होती थी सप्लाई

गाजियाबाद। ट्रेन सफर के दौरान यात्रियों के मोबाइल चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर को राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से पहले मेलजोल बढ़ाता था और उसके बाद मौका पाकर मोबाइल चोरी लेता था। चोरी के मोबाइल को पश्चिम बंगाल में जाकर सस्ते दामों में बेच देता था। जिसके पास से जीआरपी की टीम ने पांच लाख रुपये कीमत के कई मोबाइल बरामद किया है।
जीआरपी सीओ श्वेता आशुतोष ओझा ने बताया शुक्रवार को जीआरपी प्रभारी अनुज मलिक एवं दरोगा सत्यपाल सिंह की टीम ने प्लेटफार्म नंबर-5/6 दिल्ली साइड के अंतिम छोर पर गाजियाबाद रेलवे स्टेशन से अनिल नोनिया पुत्र लख्खन नोनिया निवासी ग्राम गिरमित सीसो मोहल्ला पश्चिम बंगाल को गिरफ्तार किया है।

पकड़ा गया आरोपी रेलवे स्टेशन पर यात्री का मोबाइल चोरी कर रहा था, जिसे रंगेहाथ दबोच लिया गया। जिसके पास से विभिन्न कंपनी के चोरी के 24 मोबाइल बरामद किया गया। जिनकी कीमत करीब पांच लाख 10 हजार रुपये है। जीआरपी प्रभारी अनुज मलिक ने बताया टीम द्वारा रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। पकड़ा गया आरोपी शातिर किस्म का है। जो दिल्ली-एनसीआर के आसपास रेलवे स्टेशन से ट्रेन में चढ़ जाता था और ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से मेलजोल बढ़ाता था। उसके बाद मौका पाकर उनका मोबाइल लेकर फरार हो जाता था। चोरी के मोबाइल को पश्चिम बंगाल में ले जाकर सस्ते दामों बेच देता था। बरामद मोबाइलों को ट्रेस किया जा रहा है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 100 से अधिक मोबाइल चोरी की वारदात को अंजाम दे चुका है। जिसका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।