ITMS के जरिए शहर में ट्रैफिक व्यवस्था होगी व्यवस्थित, नगर आयुक्त ने की समीक्षा

  • ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के लिए चेतावनी, आईटीएमएस से पैनी निगरानी शुरू
  • इंटीग्रेटेड ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली की गति बढ़ी,   कार्य पूरा
  • नगर आयुक्त ने समीक्षा बैठक में टीम को दिए कंट्रोल रूम व सिग्नल पूर्ण करने के कड़े निर्देश
  • 54 करोड़ की लागत से परियोजना अक्टूबर माह के अंतिम सप्ताह में शुरू होगी
  • शहरवासियों को मिलेगी सुव्यवस्थित और सुरक्षित यातायात व्यवस्था का लाभ

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। राज्य स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत नगर निगम द्वारा इंटीग्रेटेड ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली (आईटीएमएस) की स्थापना का कार्य तेजी से चल रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने हाल ही में इस परियोजना की प्रगति की समीक्षा की और टीम को निर्देश दिए कि आईटीएमएस कंट्रोल रूम को जल्द से जल्द पूर्ण रूप से तैयार किया जाए, ताकि परियोजना का शुभारंभ समयबद्ध तरीके से किया जा सके। शनिवार को मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी ने बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि शहर के 41 प्रमुख सिग्नलों पर फाउंडेशन कार्य, डिवाइस और कैमरा इंस्टॉलेशन का कार्य पूरी तरह पूरा हो चुका है। इसके साथ ही पोल, विद्युत लाइट और अन्य आवश्यक उपकरण भी सभी सिग्नल स्थलों पर स्थापित किए जा चुके हैं। कुछ स्थानों पर ट्रायल के रूप में डेमो भी सफलतापूर्वक सम्पन्न हो चुका है।
नगर आयुक्त ने कहा कि इस परियोजना में कुल 54 करोड़ रुपये की लागत आई है और इसके अक्टूबर माह के अंतिम सप्ताह में शुभारंभ की योजना बनाई गई है। कंट्रोल रूम की तैयारियों में तेजी लाई जा रही है। इसके बाद शहर में यातायात व्यवस्था और अधिक सुसंगठित और प्रभावी होगी। आईटीएमएस के माध्यम से न केवल ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर पैनी नजर रखी जाएगी, बल्कि आम नागरिकों को भी सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात का लाभ मिलेगा।

नगर निगम मुख्यालय में आईटीएमएस बिल्डिंग का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। अब वहां स्क्रीन लगाई जाएंगी और विद्युत विभाग के सहयोग से लाइट और अन्य तकनीकी उपकरणों की अंतिम स्थापना की जा रही है। नगर आयुक्त ने परियोजना प्रबंधक राजीव भारद्वाज को 10 दिन के भीतर कंट्रोल रूम समेत 41 सिग्नल स्थलों को पूरी तरह से कार्यात्मक बनाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को मॉनिटरिंग बढ़ाने और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कार्य तेजी से करने का निर्देश भी दिया गया। नगर आयुक्त ने बताया कि आईटीएमएस के आने से शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह स्मार्ट और आधुनिक बन जाएगी। शहरवासियों को यातायात में सुगमता और सुरक्षा सुनिश्चित होगी। इसके माध्यम से सड़कों पर नियम तोडऩे वाले वाहन चालकों की पहचान और नियंत्रण करना संभव होगा।

नागरिकों को लंबी कतारों और ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सिग्नल और कंट्रोल रूम पूरी तरह कार्यात्मक होने के बाद ही प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया जाएगा। इससे नगर निगम की यातायात प्रबंधन क्षमता में सुधार होगा और गाजियाबाद को स्मार्ट शहर के मानक के अनुरूप तैयार किया जा सकेगा। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि परियोजना के सभी चरणों में गुणवत्ता, सुरक्षा और समयबद्धता का पूरा ध्यान रखा जाएगा। आईटीएमएस के माध्यम से शहरवासियों को आधुनिक तकनीक के साथ एक सुरक्षित और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था का लाभ मिलेगा। यह योजना न केवल तकनीकी दृष्टि से आधुनिक है, बल्कि शहरवासियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगी। इस परियोजना के शुभारंभ के बाद गाजियाबाद के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक नियंत्रण में सुधार आएगा, नियम तोडऩे वालों पर प्रभावी कार्रवाई होगी और सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाएं कम होंगी। आईटीएमएस शहर के स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन का प्रतीक बनकर उभरेगा और नागरिकों के जीवन को आसान बनाएगा।

विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त

इंटीग्रेटेड ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली (आईटीएमएस) हमारी शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना है। हमने 41 सिग्नलों पर कैमरा इंस्टॉलेशन और सभी तकनीकी उपकरणों की स्थापना लगभग पूर्ण कर ली है। कंट्रोल रूम की तैयारियां भी तेजी से चल रही हैं। अक्टूबर माह के अंतिम सप्ताह में इस परियोजना का शुभारंभ किया जाएगा। इस प्रणाली के माध्यम से ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर पैनी नजर रखी जाएगी और शहरवासियों को व्यवस्थित और सुरक्षित यातायात का लाभ मिलेगा। हमारा उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक, स्मार्ट और नागरिक-मित्रवत बनाना है। सभी संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। हम सुनिश्चित करेंगे कि आईटीएमएस के माध्यम से गाजियाबाद का ट्रैफिक नियंत्रण बेहतर, तेज़ और अधिक प्रभावी बन सके।
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त