हॉलीवुड से बॉलीवुड तक ने दी बधाइयां
नई दिल्ली। अमेरिका में जो बाइडेन राज का आगाज हो गया है। नव-निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडेन और उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस ने शपथ ग्रहण कर ली है। काफी उठा-पटक के बाद अमेरिका में सत्ता बदल चुकी है। पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अब फुर्सत के पल गुजारने चले गए हैं। उधर, हॉलीवुड से बॉलीवुड तक सभी ने सोशल मीडिया के जरिए अमेरिकी राष्ट्रपति और उप-राष्ट्रपति को बधाइयां दी हैं। नामचीन स्टार्स ने अपने-अपने तरीके से बधाई संदेश जारी किए हैं।अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस की तस्वीर शेयर कर उन्हें बधाई दी। प्रियंका के पति एवं सिंगर निक जोनस ने कमला और बाइडेन की फोटो शेयर कर लिखा है कि हम अपने अनूठे अमेरिकी तरीके से आगे देख रहे हैं। बेचैन, साहसी और आशावादी देश को लेकर हम अपने लक्ष्य तय कर रहे हैं। क्योंकि हम जानते हैं कि हमें वहां होना चाहिए। उधर, बॉलीवुड अभिनेत्री सुष्मिता सेन ने इंस्टाग्राम पर बाइडेन-हैरिस की फोटो शेयर कर लिखा कि संयुक्त राज्य अमेरिका को बधाई। इतने सारे स्तरों पर इतिहास बनाने वाली मैडम उप-राष्ट्रपति का सम्मान करें। दुनिया को समावेशित करने की एक मजबूत भावना की जरूरत है और हम आशा करते हैं कि राष्ट्रपति जो बाइडेन हम एक-दूसरे में ये शक्ति पाएंगे जो जियोग्राफी से भी परे हो!! हम अपनी ताकत के उदाहरण से नहीं बल्कि अपने उदाहरण की ताकत से आगे बढ़ते हैं। अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने लिखा है कि संयुक्त राज्य अमेरिका, आपने बहुत अच्छा किया! अभिनेत्री दीया मिर्जा ने इस कार्यक्रम की फोटो शेयर कीं और मशहूर कवियत्री अमांडा गोर्मन की कविता ट्वीट की। उन्होंने लिखा कि जब दिन उगता है, तो हम छाया से बाहर निकल जाते हैं और बेखौफ हो जाते हैं। जैसे ही हम मुक्त होते हैं, नई सुबह खिल जाती है, जो लोग इसे देखना चाहते हैं उनके लिए हमेशा प्रकाश ही प्रकाश है। यदि हम ऐसा देखने के लिए पर्यात बहादुर हैं।















