सिविल सर्विसेज प्रतियोगिता के लिए 9 अगस्त को महामाया स्पोर्ट्स स्टेडियम मेंं होगा ट्रायल

गाजियाबाद। अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जिला स्तरीय ट्रायल का आयोजन महामाया स्पोर्ट्स स्टेडियम मेंं 9 अगस्त को किया जाएगा। इसमें पूर्ण रूप से सरकारी अधिकारी और कर्मचारी ही भाग ले सकते हैं। जिला स्तरीय ट्रायल में चयन होने वाले खिलाड़ी मेरठ में 13 व 14 अगस्त को होने वाले मंडल स्तरीय ट्रायल में भाग लेंगे। खेल निदेशालय ने अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज प्रतियोगिता में जिला, मंडल और प्रदेश स्तर के लिए चयन के लिए ट्रायल की तारीख की घोषणा कर दी है। जिला उप क्रीड़ा अधिकारी पूनम विश्नोई ने बताया कि महामाया स्पोर्ट्स स्टेडियम में 9 अगस्त को जिला स्तरीय ट्रायल का आयोजन किया जाएगा।

इसमें टेनिस,वॉलीबाल, बैडमिंटन,कबड्डी,फुटबॉल,कुश्ती,क्रिकेट,हॉकी समेत 17 खेलों का आयोजन होगा। इसमें पूर्ण रूप से सरकारी अधिकारी और कर्मचारी ही भाग ले सकते हैं। इसमें भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार नगर निगम,नगर पंचायत,पुलिस विभाग के कर्मचारी,अध्यापक भाग नहीं ले सकते। उन्होंने बताया कि सिविल सर्विसेज टीमों के चयन के लिए फिजिकल टेस्ट में खिलाडिय़ों को कम से कम 14 अंक लाना अनिवार्य होगा।

इतने अंक प्राप्त करने वाले खिलाडी ही स्किल टेस्ट देने के लिए पात्र होंगे। जिला स्तरीय ट्रायल में चयन होने वाले खिलाड़ी मेरठ में 13 व 14 अगस्त को होने वाले मंडल स्तरीय ट्रायल में भाग लेंगे। मंडल स्तरीय ट्रायल में चयन होने के बाद खिलाड़ी प्रदेश स्तर के ट्रायल में भाग लेंगे। जो 22 और 23 अगस्त को होगा।