शहरवासियों को लुभा रही सड़कों पर लगी तिरंगा लाइट

-निगम ने पांचों जोन के पोल पर कराई लाइटिंग

गाजियाबाद। शहर की सड़कों पर नगर निगम द्वारा लगाई गई तिरंगा लाइट लोगों के मन को लुभा रही है। वहीं यह लाईटें शहर की खूबसूरती में चार चांद लगाने का भी काम कर रही है। नगर आयुक्त के निर्देशानुसार प्रकाश विभाग द्वारा जहां आंतरिक वार्डों में लाइटों की व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है। वहीं नगर निगम सीमा अंतर्गत आने वाले मुख्य मार्गो को भी तिरंगे की लाइटों से सुसज्जित किया गया। दिवाली पर्व को लेकर नगर निगम की ओर से शहर को रोशन करने के लिए मुख्य मार्गों पर तिरंगे की लाइटों से सजाया गया था। अपर नगर आयुक्त एवं वरिष्ठ प्रकाश प्रभारी अरुण कुमार यादव ने बताया शहर को पूर्ण रूप से प्रकाश युक्त किया गया है।

मुख्य मार्ग में लगे हुए पोल पर तिरंगे की लाइट भी लगाई गई है। जिसमें एलिवेटेड रोड के अलावा, नागद्वार से हिंडन एयर फोर्स तक, चौधरी मोड़ अंबेडकर रोड पर, विजयनगर रेलवे ओवर ब्रिज पर, हापुड़ चुंगी से ठाकुरद्वारा तक, वसुंधरा के मुख्य मार्ग में भी तिरंगे की लाइट लगाई गई है। यहां से गुजरने वाले यात्रियों द्वारा नगर निगम द्वारा लगाई गई तिरंगे की लाइट की प्रशंसा कर रहे हैं। जनप्रतिनिधियों की विशेष सहयोग से इस बार दीवाली व छठ महापर्व पर शहर की जगमगाहट बनी रही। नगर आयुक्त द्वारा प्रकाश विभाग को लाइटों की व्यवस्था इसी प्रकार बनाए रखने के लिए विशेष निर्देश दिए गए है। निरंतर वार्डों की लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ-साथ ऐसे स्थान जहां अधिकांश लाइटों की आवश्यकता पड़ती है, व्यवस्था को बनाए रखने के लिए कहा गया है।