परेशानी : सौरव गांगुली को कार्डियक अरेस्ट

सीने में दर्द के बाद वुडलैंड अस्पताल में भर्ती

कोलकाता। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष एवं नामचीन क्रिकेटर सौरव गांगुली की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। सीने में दर्द की शिकायत होने के बाद उन्हें वुडलैंड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने गांगुली को कार्डियक अरेस्ट आने की पुष्टि की है। हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि ज्यादा चिंता की कोई बात नहीं है। फिहाल सौरव की हालत स्थिर है। उधर, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट कर कहा है कि सौरव गांगुली के बारे में सुनकर दुख पहुंचा कि उन्हें हल्का कार्डियक अरेस्ट हुआ है। मैं उनके जल्द सेहतमंद होने की दुआ करती हूं। मेरी प्रार्थना उनके और उनके परिवार के साथ है। जानकारी के मुताबिक सौरव गांगुली जिम में थे। ऐसे में उन्हें चक्कर आया। इसके बाद जांच के लिए उन्हें कोलकाता के वुडलैंड अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के सूत्रों ने कहा है कि सौरव गांगुली को एंजियोप्लास्टी की जरूरत है। गांगुली की तबीयत बिगडऩे की खबर सोशल मीडिया पर आने के बाद फैंस की चिंता बढ़ गई। फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ मांगने लगे। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रह चुके सौरव गांगली इन दिनों बीसीसीआई अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं। कुछ समय से उनके राजनीति में आने की अटकलें भी जोरों पर चल रही हैं। दरअसल कुछ दिन पहले गांगुली ने कोलकाता के राज्यपाल जगदीप धनखड़ से मुलाकात की थी। इसके बाद वह दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ एक कार्यक्रम में नजर आए थे। सौरव गांगुली को भारत के सबसे सफल कप्तानों में गिना जाता है। गांगुली ने भारत के लिए 113 टेस्ट और 311 एकदिवसीय मैच खेले हैं। गांगुली ने 1996 में इंग्लैंड के खिलाफ अपने उदघाटन टेस्ट में शतक जड़कर अपने टेस्ट करियर का जोरदार आगाज किया था।