नगरीय निकाय निर्वाचन 2023: नगर निगम ने 1264 बूथों का खींचा खाका

-नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने शहर के कई बूथों का लिया जायजा

गाजियाबाद। नगरीय निकाय चुनाव के चलते शहर में नगर निगम द्वारा 1264 पोलिंग बूथ तैयार कराए जाने है। इसी क्रम में सोमवार को नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने शहर के कई बूथों पर जाकर व्यवस्था का जायजा लिया। इन पोलिंग बूथों पर नगर निगम द्वारा बांस-बल्ली से बैरिकेडिंग, रैंप, कुर्सी-मेज से लेकर पीने के पानी आदि की व्यवस्था कराई जा रही है। नगर आयुक्त नितिन गौड़ ने चीफ इंजीनियर एनके चौैधरी,जलकल महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी,अवर अभियंता राजेंद्र सिंह आदि की मौजूदगी में चुनाव के लिए तैयार किए जा रहे बूथों का जायजा लिाय। उन्होंने जिस बूथ पर खामी नजर आई। उसे जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।

कविनगर जोन क्षेत्र में केडीबी पब्लिक स्कूल में पोलिंग सेंटर बनाया गया है। नगर आयुक्त ने स्कूल प्रिंसिपल निवेदिता राणा से बूथों के बारे में जानकारी ली। बूथों को तैयार किए जाने के चलते सूचना पट्ट भी तैयार मिले। वहीं, लाइट, पानी, रैंप आदि व्यवस्था का जायजा लेते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तेजी से कार्य कराने के निर्देश दिए। नगर निगम द्वारा शहर में मतदान के लिए कुल 1264 बूथ तैयार किए जाने हैं। यह 1264 बूथ लगभग तैयार हो चुके हैं।

इनमें सिटी जोन क्षेत्र में 72 पोलिंग केंद्र के 283 पोलिंग बूथ तैयार किए गए हैं। इसी प्रकार कविनगर जोन क्षेत्र में 61 पोलिंग केंद्र के 210 बूथ तैयार किए गए। विजयनगर जोन क्षेत्र में 58 पोलिंग केंद्र के 196 पोलिंग बूथ तैयार किए गए है। मोहननगर जोन क्षेत्र में 85 पोलिंग केंद्र के 346 पोलिंग बूथ व वसुंधरा जोन क्षेत्र में 55 पोलिंग केंद्र के 229 पोलिंग बूथ तैयार किए गए है। शहर में नगर निगम द्वारा 331 पोलिंग केंद्र के 1264 पोलिंग बूथ तैयार कराने के लिए नगर निगम की ओर से कार्य किया जा रहा है। जल्द ही मतदान केंद्रोंं पर सभी व्यवस्था पूरी कर ली जाएगी।