दिन में सवारी तो रात होने पर ई-रिक्शा से बेचता था हरियाणा की शराब

-आबकारी विभाग की टीम ने दबोचा हरियाणा शराब तस्कर, ई-रिक्शा सीज

गौतमबुद्ध नगर। जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने एक हरियाणा शराब तस्कर को गिरफ्तार है। पकड़ा गया तस्कर दिन में तो ई-रिक्शा चलाता था। रात होने पर उसी ई-रिक्शा का उपयोग शराब तस्करी में करता था। पुलिस से बचने के लिए शराब के पव्वे को सवारी सीट के नीचे छिपा रखता था। ई-रिक्शा को देख जल्दी से किसी को उस पर शक भी नहीं होता था। आबकारी विभाग की टीम द्वारा चलाए जा रहे रात्रि अभियान के दौरान जब ई-रिक्शा चालक को रुकने का इशारा किया तो टीम को देख भागने लगा। टीम ने पीछा कर कुछ दूरी पर ही ई-रिक्शा चालक को दबोच लिया। जब ई-रिक्शा से भागने का कारण पूछा तो पहले इधर-उधर की बातें करने लगा। शक होने पर जब ई-रिक्शा की तलाशी ली गई तो ई-रिक्शा में सवारी सीट के नीचे छिपा रखी हरियाणा शराब के पव्वे बरामद किया गया। जब सख्ती से पूछताछ की गई तो चालक ने बताया कि वह दिन में गौतमबुद्ध नगर सीमा से सटे हरियाणा में जाकर शराब के पव्वे खरीद कर ई-रिक्शा में छिपा देता था। शक न हो इसके लिए ई-रिक्शा में कम रेट पर सवारियों को बैठा लेता था। जिससे वह आसानी से शराब लेकर गौतमबुद्ध नगर की सीमा में प्रवेश कर जाता था और रात होने पर उक्त शराब को महंगे दामों में बेच देता था।

मगर चालक ने छोटे से लालच में अब अपने ई-रिक्शा से भी हाथ धो बैठा। आबकारी विभाग की टीम ने तस्कर को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त ई-रिक्शा को सीज कर दिया। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जिले में अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शनिवार रात को आबकारी निरीक्षक गौरव चन्द की टीम द्वारा थाना सेक्टर 24 स्थित सेक्टर 54 रेड लाइट के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान ई-रिक्शा चालक को रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। टीम ने कुछ दूर पीछा कर ई-रिक्शा चालक को पकड़ लिया। ई-रिक्शा की जब गहनता से तलाशी ली गई तो सवारी सीट के नीचे से क्रेजी रोमियो विदेशी शराब ब्रांड के 41 पौवे धारिता 180 एमएल विदेशी शराब हरियाणा मार्का बरामद किया गया। पूछताछ में तस्कर की पहचान राजेश कुमार पुत्र महानन्द प्रसाद यादव के रुप में हुई। तस्कर के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। साथ तस्करी में प्रयुक्त ई-रिक्शा को सीज कर दिया गया। उन्होंने बताया अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग आगे भी लगातार जारी रहेगा।