हिंदी भवन में 24 से 26 तक मनाया जाएगा उत्तर प्रदेश दिवस: अभिनव गोपाल

-यूपी स्थापना दिवस को लेकर सीडीओ ने ली बैठक

उदय भूमि
गाजियाबाद। आगामी 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर शहर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंगलवार का विकास भवन स्थित दुर्गा वती देवी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव,सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव,जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार,उप निदेशक कृषि रामजन मिश्र,जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी,जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी आदि अधिकारियों के साथ उत्तर प्रदेश दिवस-2025 को लेकर समारोह पूर्वक मनाने के लिए बैठक की। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने कहा कि 24 से 26 जनवरी तक लोहियानगर स्थित हिंदी भवन में उत्तर प्रदेश दिवस-2025 मनाया जाएगा।

सुबह 11 बजे से आयोजित होने वाले कार्यक्रम में वर्ष-2025 के ‘Óउत्तर प्रदेश दिवस आयोजन की मुख्य थीम Óविकास एवं विरासत प्रगति पथ पर उत्तर प्रदेशÓ है। इसलिए सभी विभागों द्वारा इसी थीम पर प्रर्दशनी, संगोष्ठियां,सम्मेलन,सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं, रोड शो, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं जनपद की धरोहर की प्रर्दशनियों का आयोजन किया जाएगा। 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती,24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस, 25 जनवरी को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस व मतदाता जागरूकता दिवस एवं 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग शासनादेश के अनुपालन में आवंटित स्टॉल पर आदेशित प्रदर्शनी की थीम व अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की प्रदर्शनी लगाना सुनिश्चित करेंगे।