गांव काजीपुरा में हाउस टैक्स वृद्धि के विरोध में लोगों ने की पंचायत

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा डीएम सर्किल रेट से हाउस टैक्स में वृद्धि करने को लेकर रविवार को तय कार्यक्रम के अनुसार गांव काजीपुरा में बसपा के महानगर अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद आनंद चौधरी के आवास पर पूर्व पार्षदों समेत अन्य लोगों ने पंचायत की। पंचायत में सभी ने एकजुट होकर डीएम सर्किल रेट से हाउस टैक्स में वृद्धि किए जाने का विरोध किया। पूर्व पार्षदों ने कहा कि महापौर सुनीता दयाल 31 जनवरी तक हाउस टैक्स वृद्धि के विरोध में निर्णय लें। अन्यथा नगर निगम मुख्यालय पर बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा। पंचायत में बसपा के महानगर अध्यक्ष आनंद चौधरी, पूर्व पार्षद मनोज चौधरी,पूर्व पार्षद जाकिर अली सैफी, पार्षद नरेश जाटव, सपा पार्षद मोहम्मद कल्लन, पूर्व पार्षद माया देवी,पूर्व पार्षद पति चेतन यादव, पूर्व पार्षद पति सोहनवीर सोनी,पूर्व पार्षद रजनेश चौधरी, पूर्व पार्षद हिमांशु लव, पूर्व पार्षद मुकेश गौतम आदि सभी ने पंचायत में एक स्वर में डीएम सर्किल रेट से हाउस टैक्स में वृद्धि करने का विरोध किया।

पंचायत में निर्णय लिया गया है कि 31 जनवरी तक महापौर द्वारा कोई ठोस निर्णय लिया जाए। अन्यथा हाउस टैक्स वृद्धि के विरोध में आंदोलन शुरू किया जाएगा। पंचायत में अखिल भारतीय जाट महासभा भारतीय के जिलाध्यक्ष आनंद चौधरी ने भी अपना समर्थन दिया। पंचायत में सोनवीर चौधरी प्रदेश महासचिव राष्ट्रीय जाट महासभा भारतीय, जोगिंदर चौधरी, राजेंद्र पंडित, लीलाधर मिश्रा, आनंद रावत आदि सैकड़ों लोग उपस्थित हुए। पूर्व पार्षदों ने कहा कि नगर निगम की सदन की बैठक में पहले ही डीएम सर्किल रेट से हाउस टैक्स में वृद्धि के प्रस्ताव खारिज हो चुका है। प्रदेश शासन ने नगर आयुक्त को डीएम सर्किल रेट से हाउस टैक्स में वृद्धि करने के आदेश दिए है। इसलिए इस पर आपत्ति मांगने के लिए सूचना प्रकाशित कराई गई है। अगर बोर्ड बैठक से प्रस्ताव खारिज हो चुका है तो फिर डीएम सर्किल रेट से हाउस टैक्स में वृद्धि करने का कोई औचित्य नहीं हैं।