कौशांबी में एसआईआर अभियान: पार्षदों और समाजसेवियों ने घर-घर जाकर जुटाया जनता का सहयोग

-बीएलओ के प्रयासों को मिली जनता और पार्षदों की सक्रिय भागीदारी, देर रात भी अभियान रहा सफल

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। एसआईआर (स्पेशल समरी रिवीजन) अभियान के तहत मतदाता सूची को अद्यतन करने और नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया तेजी से जारी है। सोमवार रात लगभग 8 बजे कौशांबी के बूथ नंबर 282 के बीएलओ सी.पी. त्रिपाठी ने जानकारी दी कि कुछ क्षेत्रीय लोग आवश्यक फॉर्म लेने के बावजूद जमा नहीं कर रहे थे, जिससे अभियान की गति प्रभावित हो रही थी।
सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पार्षद कुसुम गोयल और पूर्व पार्षद मनोज गोयल तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय निवासियों से संवाद किया, फॉर्म जमा करने की आवश्यकता समझाई और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के महत्व पर जोर दिया। पार्षदों के प्रयासों और प्रेरणा के बाद नागरिकों ने अपने-अपने फॉर्म जमा किए, जिससे मतदाता सूची अद्यतन करने का कार्य सुचारू रूप से आगे बढ़ सका।

इस अभियान में समाजसेवी सुनील गांधी, मंजू शर्मा, नरेश नागलानी, विभा गुप्ता, प्रवीण शर्मा, अनिल शर्मा, संजय, अजय कुमार, रीना मिगलानी सहित कई स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय सहयोग किया। उन्होंने बूथ अधिकारी के साथ मिलकर घर-घर जाकर लोगों को फॉर्म भरवाने में मदद की और अभियान को गति प्रदान की। कौशांबी क्षेत्र की पार्षद कुसुम गोयल ने कहा कि  लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। देर रात भी क्षेत्र में जाकर अपने दायित्वों का निर्वहन करना प्रशंसनीय है।

इस अभियान में प्रशासनिक तत्परता के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की भागीदारी ने इसे सफल बनाने में अहम योगदान दिया। मतदाता सूची अद्यतन अभियान का यह रात्री अभियान न केवल प्रशासनिक तत्परता का उदाहरण रहा, बल्कि स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों की सहभागिता ने भी यह संदेश दिया कि लोकतंत्र में जनता की सक्रिय भागीदारी से ही सुशासन सुनिश्चित किया जा सकता है।