-जीडीए उपाध्यक्ष ने हरनंदीपुरम योजना का अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने राजनगर एक्सटेंशन से सटे और पाइप लाइन रोड के आसपास नई हरनंदीपुरम योजना को विकसित करने के लिए अब कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने नई प्रस्तावित हरनंदीपुरम योजना का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। जीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि हरनंदीपुरम योजना और उसके आसपास अवैध निर्माण के खिलाफ जीडीए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगा। उन्होंने मौके पर जीडीए अधिकारियों को अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए। हरनंदीपुरम योजना को समयबद्ध तरीके से क्रियान्वित किया जाएगा। जीडीए उपाध्यक्ष ने सुप्रीमकोर्ट के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के साथ-साथ किसानों की सहमति से योजना के लिए भूमि क्रय करने की प्रक्रिया के लिए किसानों के साथ पिछले दिनों हुई बैठक में किसानों द्वारा उठाए गए अवैध कालोनियों के मुद्दे पर कार्रवाई के लिए स्थलीय निरीक्षण कर आगे की कार्य योजना बनाई।
जीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि हरनंदीपुरम योजना और उसके आसपास अवैध निर्माण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए अवैध निर्माण ध्वस्त किए जाएंगेे। उन्होंने निरीक्षण के दौरान विशेष टीम का गठन कर सभी अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माण को शीघ्र ध्वस्त करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह,ओएसडी,जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी अधिशासी अभियंता लवकेश कुमार,अधिशासी अभियंता योगेश पटेल,सहायक अभियंता पीयूष सिंह आदि उपस्थित रहे। जीडीए उपाध्यक्ष के निरीक्षण के दौरान ही जीडीए प्रवर्तन टीम ने मौके पर एक बड़े निर्माण को तीन जेसीबी मशीन और पुलिस बल की मौजूदगी में तुंरत ध्वस्त किया गया। इसके साथ ही अन्य अवैध निर्माणों पर लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि हमारा उद्देश्य विकास कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करना है। अवैध निर्माणों को किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता को भी इस दिशा में जागरूक होने की आवश्यकता हैं।
जीडीए की सभी नागरिकों से अपील है कि अवैध कॉलोनियों में भूखंड,मकानों आदि की खरीद-फरोख्त न करें। ऐसा करना न केवल गैरकानूनी है,बल्कि इससे भविष्य में गंभीर वित्तीय और कानूनी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। जीडीए की हरनंदीपुरम योजना 501 हेक्टेयर में विकसित की जा रही है। इसके तहत इस क्षेत्र में सुनियोजित विकास सुनिश्चित किया जाएगा। इसमें ग्रीन बैल्ट क्षेत्र, आधुनिक आवासीय और कॉमर्शियल परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। जीडीए उपाध्यक्ष ने सभी टीम को यह भी निर्देशित किया कि आप यह सुनिश्चित करेंगे कि हरनंदीपुरम योजना का विकास एवं सुप्रीमकोर्ट के आदेशों और जीडीए की नीतियों के अनुसार समयबद्ध तरीके से लागू हो। जीडीए की ओर से यह भी संदेश है कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों और अव्यवस्थित शहरीकरण को रोकने के लिए दृढ़ है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने कहा कि हम हरनंदीपुरम योजना को गाजियाबाद के विकास का एक मॉडल बनाएंगे। उन्होंने जनता से सहयोग की अपेक्षा की है। इसके साथ ही अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
















