-शहर के ब्यूटीफिकेशन को लेकर नगर आयुक्त ने अधिकारियों संग बनाई कार्य योजना
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा अब शहर का सुंदरीकरण करने के लिए विशेष रूप से शुरुआत करेगा। शनिवार को अपने कार्यालय में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहर के ब्यूटीफिकेशन को लेकर अधिकारियों के साथ कार्ययोजना बनाई। इसके तहत शहर में एंट्री से लेकर सेंट्रल वर्ज, ग्रीन बेल्ट, प्रमुख चौराहों और साइड पटरियों का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, चीफ इंजीनियर निर्माण एनके चौधरी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता कामाख्या प्रसाद आनंद, विज्ञापन प्रभारी पल्लवी सिंह आदि अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर की सुंदरता को बढ़ाने के लिए कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्य योजना बनाई गई। शहर में जहां गाजियाबाद नगर निगम स्वच्छता और विकास पर जोर दे रहा है,वहीं नगर आयुक्त शहर को हरा-भरा बनाने तथा सौंदर्यीकरण पर विशेष बल दे रहे हैं। इसके तहत शहर के एंट्री प्वाइंट, भोपुरा, यूपी गेट,डायमंड फ्लाईओवर व अन्य एंट्री पर ग्रीनरी बढ़ाने तथा सेंट्रल वर्ज, ग्रीन बेल्ट को और अधिक सुसज्जित करने के लिए एक सप्ताह में कार्य योजना मांगी गई है। सौंदर्यीकरण के लिए हिंडन एयर फोर्स चौराहा, मोहन नगर चौराहा,घंटाघर चौराहा,हापुड़ चुंगी चौराहा,ठाकुरद्वारा चौराहा को भी प्रमुखता से सुसज्जित करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। डिवाइडरों तथा मरम्मत कार्यों को भी रफ्तार देने के लिए नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर को निर्देशित किया।
इसमें डिवाइडरों पर पेंटिंग कार्य को भी पूरे शहर में करने के लिए कहा गया। स्वच्छता और विकास कार्यों के साथ-साथ शहर को सुंदर बनाने के लिए कार्रवाई तेजी से की जा रही है। नगर आयुक्त ने कहा कि शहर में ऐसे स्थान जो कि नगर निगम सीमा क्षेत्र में आते हैं और रिक्त हैं। उन पर पौधारोपण करने के लिए उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज सिंह को निर्देशित किया। गाजियाबाद नगर निगम सीमा अंतर्गत आने वाली एंट्री पॉइंट व अन्य स्थानों पर अधिक से अधिक पौधारोपण के कार्य को बढ़ाने के लिए कार्य योजना बनाने के लिए निर्देश दिए गए हैं। अगले माह फरवरी में बसंत के साथ-साथ गाजियाबाद नगर निगम में कई स्थानों को सुंदर बनाने की प्लानिंग चल रही है।
















