बोले, भाजपा के कोरोना टीके पर भरोसा नहीं
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन की अपील के बावजूद देश में कोविड-19 वैक्सीन पर सियासत शुरू हो गई है। देशभर में शनिवार से कोरोना वैक्सीन का ड्राई रन शुरू होने से इतर समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नया विवाद खड़ा कर दिया। अखिलेश ने कहा है कि उन्हें भाजपा की वैक्सीन पर कतई भरोसा नहीं है। वह देश में तैयार कोरोना वैक्सीन नहीं लगवाएंगे। उन्होंने कहा कि सपा सरकार आने पर जनता को कोरोना का निशुल्क टीका मुहैया कराया जाएगा। अखिलेश यादव के इस बयान के बाद भाजपा नेताओं ने भी पलटवार करने में देरी नहीं की। भाजपा नेताओं ने अखिलेश के बयान को वैज्ञानिकों का अपमान बताया है। उन्होंने कहा कि सपा मुखिया को अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए। बता दें कि देशभर के 116 जनपदों में 259 सेंटरों पर आज से कोरोना वैक्सीन का ड्राई रन आरंभ किया गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने जीटीबी हॉस्पिटल जाकर ड्राइन रन का जायजा लिया। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हमारी वैक्सीन का रिकवरी रेट दुनिया में सबसे अच्छा है। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों से बचने की अपील भी की। केंद्र सरकार ने सीरम इंस्टीट्यूट के वैक्सीन कोविशील्ड को इजाजत दी है। उन्होंने बताया कि देश को टीकाकरण का अनुभव है। यह वैक्सीन जनता की सुरक्षा के लिए है। उधर, दिल्ली में 3 स्थानों पर वैक्सीन का ड्राई रन चला। दिल्ली में ड्राई रन के लिए साउथ वेस्ट जनपद में द्वारका के वेंकटेश्वर अस्पताल का चयन किया गया। जबकि सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट में दरियागंज डिस्पेंसरी को चुना गया। उधर, शाहदरा जनपद में दिलशाद गार्डन के गुरु तेग बहादुर हॉस्पिटल में ड्राई रन था। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली के 3 अस्पतालों में कोरोना वैक्सीन का ड्राई रन चला।
















