विश्व पर्यावरण दिवस: प्राथमिक विद्यालय खुर्रमपुर में हुआ वृहद पौधा वितरण

-पर्यावरण संरक्षण जीवन की सबसे बड़ी प्राथमिकता: लक्ष्मी त्यागी

गाजियाबाद। मुरादनगर के प्राथमिक विद्यालय खुर्रमपुर प्रथम में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सोमवार को शैक्षिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका लक्ष्मी त्यागी ने बताया कि विद्यालय पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रारंभ से ही काफी संवेदनशील रहा है। समय-समय पर वृक्षारोपण में पौधे वितरण जैसे कार्यक्रमों का आयोजन होता रहता है।संगोष्ठी में ग्राम प्रधान के साथ साथ गांव के प्रबुद्धजनों ने प्रतिभाग किया जिसमें प्रधानाध्यापिका लक्ष्मी त्यागी द्वारा पौधों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सभी से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि प्रकृति में संतुलन बनाए रखने के लिए तथा अपने आस-पास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिए पेड़-पौधे लगाना बहुत जरूरी है।

मानव द्वारा आर्थिक उद्देश्य और जीवन में लाभ के लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु प्रकृति के साथ व्यापक छेड़छाड़ के क्रियाकलापों ने प्राकृतिक पर्यावरण का संतुलन नष्ट किया है, जिससे प्राकृतिक व्यवस्था या प्रणाली के अस्तित्व पर ही संकट उत्पन्न हो गया है, अगर हम वास्तव में जीवित रहना चाहते हैं और अच्छे से जीवन यापन करना चाहते हैं तो अधिक से अधिक पेड़ लगाए जाने चाहिए। ऑक्सीजन लेने और कार्बन डाइऑक्साइड को छोडऩे के अलावा पेड़ पर्यावरण से अन्य हानिकारक गैसों को भी अवशोषित करते हैं जिससे वायु शुद्ध और ताज़ी बनती है। जितने हरे-भरे पेड़ होंगे उतना अधिक ऑक्सीजन का उत्पादन होगा और अधिक विषैली गैसों को यह अवशोषित करेंगे।

इस अवसर पर उन्होंने ग्रामवासियों को पौधा वितरण भी किया और सभी को शपथ दिलाई कि पौधारोपण के साथ साथ उसका संरक्षण भी किया जाए। इसके पश्चात सभी ने मिलकर विद्यालय प्रांगण में पौधारोपण किया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका लक्ष्मी त्यागी, ग्राम प्रधान विनोद कुमार,ब्लॉक अध्यक्ष अमित यादव,रूचिका जैन, रेणुका, अनिल, अंजू वर्मा, मंजू, गीता, उज्ज्वल, अंशु, राहुल, मुकेश कुमार आदि उपस्थित रहे।