9 सालों में पीएम मोदी ने तोड़ा 70 साल का रिकॉर्ड: वीके सिंह

-बीते नौ वर्षों में भारत में हुआ 162 देशों से 950 बिलियन डॉलर का निवेश

गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने पिछले 9 साल में ऐतिहासिक कार्य किए है। सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग राज्यमंत्री एवं स्थानीय सांसद जनरल वीके सिंह ने मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने इन 9 साल में ऐतिहासिक कार्य किए है। सेवा,सुशासन और गरीब कल्याण प्रधानमंत्री का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ हर प्रदेश के लोगों को मिल रहा है। मोदी की सोच और काम से पूरे विश्व में भारत और देश वासियों का सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में 30 जून तक मोदी सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए अभियान चलेगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान महापौर सुनीता दयाल,राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल, विधायक अतुल गर्ग,विधायक सुनील शर्मा, विधायक अजितपाल त्यागी,एमएलसी दिनेश चंद्र गोयल,प्रदेश मंत्री महानगर प्रभारी अमित वाल्मीकि, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल, महामंत्री गोपाल अग्रवाल, मीडिया प्रभारी अश्वनी शर्मा, जयकमल अग्रवाल, संजीव चौधरी, चमन चौहान आदि उपस्थित रहे।

वीके सिंह ने कहा कि पथ,आकार व दिशा बनाने में कई सदियां गुजर जाती है। लेकिन पिछले 9 साल में नरेंद्र मोदी सरकार गरीब कल्याण और गरीब सशक्तिकरण के लिए काम कर रही है। वंचितों को उनका अधिकार देने के लिए प्रधानमंत्री ने जंग छेड़ी है। उन्होंने बताया कि बीते 9 साल में 162 देशों से 950 बिलियन डॉलर का निवेश भारत में हुआ है। गाजियाबाद में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे और यूनानी हॉस्पिटल बना है। ज्ञानी बॉर्डर से लाल कुआं तक जीटी रोड का चौड़ीकरण हो रहा है। सांसद निधि का इन 9 साल में पूरी खर्च हुई। भारत जर्मनी को पछाड़कर जल्द ही चौथे नंबर पर पहुंच जाएगा। विदेशी मुद्रा के मामले में भारत हर वर्ष एक नया रिकॉर्ड बना रहा है। किसी भी देश की अर्थव्यवस्था बदलने के लिए सामाजिक,आर्थिक और राजनैतिक स्थिति बहुत आवश्यक है। अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता हर घर जाएंगे। इंटरनेट इस्तेमाल करने के मामले में भारत चीन और अमेरिका से भी आगे निकल चुका है।

उन्होंने कहा कि तकनीक में हम लोग पिछड़े हुए थे। मगर 9 साल में इस दिशा में काफी आगे बढ़े है। भारत की पहचान अब आत्मनिर्भर देश के रूप में होती है। वर्ष-2014 से पहले भारत आर्थिक रूप से विकसित देशों में 11वें नंबर पर था,लेकिन वर्तमान में ब्रिटेन को पीछे छोड़कर पांचवें नंबर पर पहुंच गया है। वर्ष-2030 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनेगी। पहले की सरकार कहती थी एक रुपया केंद्र सरकार से भेजती थी,तो लाभार्थी के पास 15 पैसे पहुंचते थे। जनधन खाता और तकनीक से अब पूरा एक रुपए पहुंच रहे हैं। पहले वैक्सीन के लिए दूसरे देशों पर आश्रित रहने वाला देश अब मोदी के संकल्प से कोरोना में भारत ने दो वैक्सीन तैयार किए। 210 करोड़ टीके लगाए। 100 देशों में टीके भेजे गए।यह भारत की क्षमता और बदलती छवि का उदाहरण हैं।