मानसून सीजन में यमुना प्राधिकरण लगाएगा डेढ़ लाख पौधे, तैयारियां शुरू

-पिछले साल 1.10 लाख पौधे लगाए गए, 83 प्रतिशत पौधे बचे

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। मानसून में पौधे लगाने की तैयारी यमुना प्राधिकरण ने शुरू कर दी है। इस बार 1.5 लाख पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए जगह चिह्नित कर ली गई है। यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह ने बताया कि इस बार उन्हें 88 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया था। लेकिन प्राधिकरण ने 1.5 लाख पौधे लगाने की योजना बनाई है। इसमें से 30 हजार पौधे जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह लगाएंगे।

उन्होंने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे ग्रीन बेल्ट में पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा बड़े पार्कों और सेक्टर की ग्रीन बेल्ट में पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जगह चिह्नित हो गई है। किस प्रजाति के पौधे लगाए जाएंगे, यह तय हो गया है। सिंह ने बताया कि पिछले साल 1.10 लाख पौधे लगाए गए हैं। इसमें से 83 प्रतिशत पौधे बच गए हैं। 17 प्रतिशत पौधे नहीं बचा पाए हैं। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने से अधिक उनके रखरखाव का इंतजाम किया जाएगा ताकि पौधों को पेड़ बनाया जा सके।