विक्रम एंक्लेव में अवैध निर्माण को जीडीए ने किया ध्वस्त

-1100 वर्ग गज में भूखंडों पर बने अवैध निर्माण पर चलाया बुलडोजर

गाजियाबाद। जीडीए प्रवर्तन टीम द्वारा अवैध कॉलोनी व अवैध निर्माण को लेकर लगातार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की सख्ती के बाद अवैध निर्माण पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-8 के प्रभारी अधिशासी अभियंता लवकेश कुमार ने सहायक अभियंता प्रदीप कुमार सिंह व अवर अभियंता नरेंद्र कुमार व जीडीए पुलिस की मौजूदगी में विक्रम एंक्लेव शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-1 में भूखंड संख्या-26 में 80 फुटा रोड पर सुनील कुमार,सतीश यादव व अन्य द्वारा लगभग 1100 वर्गगज क्षेत्रफल में छोटे-छोटे भूखंड काटकर इस पर किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।

इसके अलावा शालीमार गार्डन मेन साहिबाबाद में भूखंड संख्या बी-129 में सलाउद्दीन इमरान द्वारा मकान की छत पर किए गए अवैध निर्माण को प्रवर्तन दस्ते की टीम ने ध्वस्त कर दिया। जीडीए प्रवर्तन जोन-8 के प्रभारी अधिशासी अभियंता लवकेश कुमार ने बताया कि अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई। मौके पर यह भी निर्देशित किया गया कि जीडीए सीमा क्षेत्र में बगैर मानचित्र स्वीकृति के कोई कार्य न कराया जाए।

जोन से संंबंधित सहायक अभियंता, अवर अभियंता तथा सुपरवाइजर को सतत् निगरानी रखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि अवैध निर्माण पुन: शुरू न होने पाए। अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। किसी भी भूमि पर विधिवत मानचित्र स्वीकृत के अनुसार ही निर्माण किया जाए। आमजन कोई भी वादग्रस्त व विवादित निर्माण में संपत्ति का क्रय-विक्रय न करें।