अवैध कॉलोनाइजरों पर चला यमुना प्राधिकरण का बुलडोजर

-250 बीघा भूमि अतिक्रमण से मुक्त, झाझर और ककोड़ में 2500 करोड़ की अवैध कॉलोनियां ध्वस्त

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने मंगलवार एक और बड़ा कदम उठाते हुए अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के कड़े निर्देश और जि़लाधिकारी गौतमबुद्ध नगर के मार्गदर्शन में विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में झाझर और ककोड़ (जनपद बुलंदशहर) में चला व्यापक ध्वस्तीकरण अभियान सुर्खियों में रहा। इस दौरान करीब 250 बीघा भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया, जिसकी बाजारू कीमत लगभग 2500 करोड़ रुपये आंकी गई है। अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर अभियान के दौरान कई अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया गया। इनमें प्रमुख रूप से ऐरोनेस्ट कॉलोनाइजर (झाझर), श्री राधा गौरी एनक्लेव (ककोड़) और रुद्र प्रॉपर्टीज (ककोड़) शामिल हैं। इन कॉलोनियों में बड़े पैमाने पर अवैध प्लॉटिंग और निर्माण कार्य चल रहा था। कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध कब्जों और कॉलोनियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्राधिकरण लगातार ऐसे अभियानों को चलाता रहेगा। अवैध कब्जाधारियों और कॉलोनाइजरों को सख्त चेतावनी है कि वे तुरंत अवैध गतिविधियों को बंद करें। भोले-भाले खरीदारों से भी अपील है कि वे ऐसे प्रॉपर्टी डीलरों से सावधान रहें, जो लोगों को गुमराह करके अवैध प्लॉट बेचने का काम करते हैं। इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्राधिकरण और जिला प्रशासन की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

मौके पर प्राधिकरण के डिप्टी कलेक्टर शिवअवतार सिंह, विशेष कार्याधिकारी अजय कुमार शर्मा, विशेष कार्याधिकारी अभिषेक शाही, विशेष कार्याधिकारी कृष्ण गोपाल त्रिपाठी, बुलंदशहर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। इसके साथ ही प्राधिकरण के परियोजना और भूलेख विभाग के अधिकारी भी सक्रिय रूप से अभियान का हिस्सा बने। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में भी इस तरह की कार्रवाई और तेज़ की जाएगी। उद्देश्य है कि अधिसूचित क्षेत्र की हर इंच जमीन को अवैध कब्जों और अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए।