-
भारत मंडपम में सजी हाई-टेक प्रदर्शनी, मेडिकल डिवाइस पार्क से लेकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक की महत्वाकांक्षी योजनाओं ने खींचा निवेशकों का ध्यान
उदय भूमि संवाददाता
नई दिल्ली। भारत मंडपम, प्रगति मैदान में गुरुवार को शुरू हुए इंडिया मेडटेक एक्स्पो 2025 में यमुना प्राधिकरण का स्टॉल निवेशकों और उद्योगपतियों के बीच आकर्षण का बड़ा केंद्र बना। देश-विदेश से आए उद्योगपति जहां भारत की मेडिकल डिवाइस इंडस्ट्री के भविष्य को लेकर गंभीर चर्चा में शामिल हुए, वहीं यमुना प्राधिकरण ने अपनी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं से सबका ध्यान खींच लिया। इस भव्य आयोजन का उद्घाटन केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने किया। वहीं मेडिकल डिवाइस पार्क प्रदर्शनी का शुभारंभ फार्मास्यूटिकल विभाग के सचिव अमित अग्रवाल ने किया। इंडिया मेडटेक एक्स्पो के मंच पर देश के तमाम वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक, उद्योगपति और निवेशक मौजूद रहे। इंडस्ट्री को दिशा देने के लिए आयोजित सीईओ राउंडटेबल मीटिंग की अध्यक्षता अमित अग्रवाल ने की। इसमें फार्मा विभाग के संयुक्त सचिव रविन्द्र प्रताप सिंह, यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह, ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया राजीव सिंह राघवंशी, एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल फॉर मेडिकल डिवाइसेज के अध्यक्ष आर. एस. कंवर, पॉली मेडिक्योर के चेयरमैन हिमांशु वैद, यमुना प्राधिकरण के ओएसडी शैलेंद्र भाटिया और कई दिग्गज कंपनियों के सीईओ मौजूद रहे।
इंडिया मेडटेक एक्स्पो 2025 का उद्घाटन करते हुए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि आज भारत दुनिया की फार्मा और मेडिकल डिवाइस इंडस्ट्री का नया पावरहाउस बन रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के विज़न के साथ हम न केवल देशवासियों की स्वास्थ्य जरूरतों को पूरा कर रहे हैं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए भरोसेमंद सप्लाई चेन तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा भारत में मेडिकल टेक्नोलॉजी का भविष्य उज्ज्वल है। हमारे युवाओं की नवाचार शक्ति, उद्योग जगत की प्रतिबद्धता और सरकार की प्रगतिशील नीतियाँ मिलकर इस क्षेत्र को वैश्विक नेतृत्व की ओर ले जा रही हैं। अब समय आ गया है कि भारत न केवल ‘फार्मेसी ऑफ द वर्ल्ड’ बल्कि ‘मेडटेक हब ऑफ द वर्ल्ड’ भी बने। यह आयोजन भारत को मेडिकल डिवाइस निर्माण और निर्यात का वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहा है।
वहीं, यमुना प्राधिकरण की योजनाएं उत्तर प्रदेश को औद्योगिक मानचित्र पर और भी मजबूत करने की ओर बढ़ रही हैं। यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि इंडिया मेडटेक एक्स्पो 2025 में हिस्सा लेना हमारे लिए गर्व की बात है। इस मंच से हमने देश-विदेश के निवेशकों को यह संदेश दिया है कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र भारत का उभरता हुआ औद्योगिक हब है। मेडिकल डिवाइस पार्क, सेमीकंडक्टर पार्क, इंटरनेशनल फिल्म सिटी और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसी परियोजनाएं न केवल उत्तर प्रदेश की, बल्कि पूरे देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई देंगी। उन्होंने बताया हमारा लक्ष्य है कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र को निवेश, रोजगार और नवाचार का केंद्र बनाया जाए। यहां निवेश करने वाले उद्योगपतियों को न केवल अत्याधुनिक आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि सुरक्षित और अनुकूल कारोबारी माहौल भी उपलब्ध कराया जाएगा। आने वाले समय में यह इलाका एशिया का सबसे बड़ा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर साबित होगा।
यमुना प्राधिकरण के ओएसडी शैलेंद्र भाटिया ने कहा कि इंडिया मेडटेक एक्स्पो 2025 में यमुना प्राधिकरण का स्टॉल निवेशकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण बना है। यहां हमने मेडिकल डिवाइस पार्क सहित सेमीकंडक्टर पार्क, इंटरनेशनल फिल्म सिटी और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की झलक दिखाई है। निवेशकों की तरफ से हमें जो सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है, वह बताती है कि यमुना प्राधिकरण आने वाले वर्षों में देश की औद्योगिक राजधानी बनने की राह पर है। उन्होंने बताया कि हमारा फोकस सिर्फ बड़े उद्योगों तक सीमित नहीं है, बल्कि हम स्टार्टअप, इनोवेशन और छोटे उद्यमों को भी बराबर का अवसर देना चाहते हैं। हर निवेशक को यहां पारदर्शी व्यवस्था, विश्वस्तरीय आधारभूत ढांचा और सरकार की प्रोत्साहन नीतियों का लाभ मिलेगा। इस मौके पर सीईओ राकेश कुमार सिंह के साथ प्राधिकरण के कई वरिष्ठ अधिकारी अशोक कुमार सिंह, स्मिता सिंह, नंदकिशोर सुंदरियाल, सलीम, वंदना राघव, राहुल, अक्षय मेहरोत्रा, रतनदीप और अभिमन्यु भी मौजूद रहे। उनकी सक्रिय मौजूदगी ने निवेशकों में भरोसा जगाया।
बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर दिया खास जोर
• घरेलू उत्पादन को बढ़ावा
• गुणवत्ता सुधारने और ग्लोबल लेवल पर प्रतिस्पर्धा
• सप्लाई चेन को मजबूत करना
• अनुसंधान और इनोवेशन को प्रोत्साहन
• भारत को मेडिकल डिवाइस निर्माण का वैश्विक हब बनाना
यमुना प्राधिकरण का स्टॉल बना आकर्षण
हॉल नंबर 14 में सजा यमुना प्राधिकरण का स्टॉल हर किसी की नजरों में रहा। सीईओ राकेश कुमार सिंह ने इसका उद्घाटन किया। यहां प्राधिकरण ने अपनी परियोजनाओं की शानदार झलक पेश की, जिसमें मेडिकल डिवाइस पार्क, सेक्टर-28, सेमीकंडक्टर पार्क, औद्योगिक विकास की मेगा योजनाएं, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, इंटरनेशनल फिल्म सिटी, जैसी योजनाएं प्रमुख रूप से शामिल रहीं। देश-विदेश से आए निवेशकों ने स्टॉल का दौरा कर प्राधिकरण की सराहना की और भविष्य में यहां उद्योग स्थापित करने की इच्छा जताई।
भविष्य के औद्योगिक हब की तस्वीर
यमुना प्राधिकरण ने अपने स्टॉल के माध्यम से यह संदेश दिया कि आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र न केवल भारत का सबसे बड़ा औद्योगिक हब बनेगा, बल्कि रोजगार, निवेश और तकनीक का नया केंद्र भी साबित होगा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लेकर फिल्म सिटी और सेमीकंडक्टर पार्क तक की योजनाएं न सिर्फ यूपी बल्कि पूरे देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई देंगी।

















