राष्ट्रपति ने दिलाई पद और गोपनीयता की शपथ
नई दिल्ली। देश को नए मुख्य सूचना आयुक्त मिल गए हैं। यशवर्धन कुमार सिन्हा को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में शनिवार को उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद उन्होंने अपना चार्ज संभाल लिया। देश में मुख्य सूचना आयुक्त का पद पिछले 2 माह से रिक्त चल रहा था। विगत 26 अगस्त को बिमल जुल्का इस पद से सेवानिवृत्त हो गए थे। नए मुख्य सूचना आयुक्त यशवर्धन सिन्हा पूर्व राजनयिक हैं। उन्होंने एक जनवरी 2019 को सूचना आयुक्त के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। वह ब्रिटेन और श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त रह चुके हैं। 62 साल के यशवर्धन सिन्हा का कार्यकाल बतौर मुख्य सूचना आयुक्त 3 साल का होगा। मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति 5 साल तक के लिए अथवा 65 साल तक की उम्र के लिए होती है। मुख्य सूचना आयुक्त यशवधज़्न सिन्हा की नियुक्ति 3 सदस्यीय चयन समिति ने की है। इस समिति के प्रमुख प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थे। इस समिति में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा लोक सभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी और गृह मंत्री अमित शाह शामिल थे। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि मुख्य सूचना आयुक्त यशवर्धन कुमार सिन्हा के अलावा वरिष्ठ पत्रकार उदय माहुरकर, पूर्व श्रम सचिव हीरा लाल समारिया और पूर्व उप नियंत्रक और महालेखा परीक्षक सरोज पुनहानी को सूचना आयुक्त बनाया गया है। उदय माहुरकर, समारिया और पुनहानी के शामिल होने से सूचना आयुक्तों की संख्या 7 हो जाएगी। वर्तमान में केंद्रीय सूचना आयोग में 10 पद स्वीकृत हैं। इनमें 4 सूचना आयुक्त फिलहाल काम कर रहे हैं। इनमें वनजा एन सरना, नीरज कुमार गुप्ता, सुरेश चंद्र और अमिता पांडोव हैं। इन नियुक्तियों से सूचना आयुक्तों की संख्या 7 हो गई है। नई नियुक्तियों से केंद्रीय सूचना आयोग का काम-काज प्रभावित नहीं होगा।















