21 जून को यमुना प्राधिकरण की बोर्ड बैठक होगी। उम्मीद है कि 22 जून के बाद किसी भी दिन बेव्यू प्रोजेक्ट्स कंपनी फिल्म सिटी का निर्माण शुरू कर देगी। इस प्रोजेक्ट को धरातल में लाने में यमुना प्राधिकरण सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह की अहम भूमिका है। उनके ही अथक प्रयास के बाद फिल्म सिटी परियोजना तैयार हुई है। अब उसका खाका तैयार हो गया है।
विजय मिश्रा (उदय भूमि)
ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट फिल्म सिटी का काम इस महीने के आखिरी सप्ताह में शुरू हो जाएगा। फिल्म सिटी के पहले चरण में 1510 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसका निर्माण बे-व्यू प्रोजेक्ट्स कंपनी करेगी। यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-21 में एक हजार एकड़ में फिल्म सिटी प्रस्तावित है। पहला चरण 230 एकड़ में विकसित किया जाएगा। फिल्म सिटी के निर्माण पर 1510 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके लिए बोनी कपूर की कंपनी बेव्यू प्रोजेक्ट्स का चयन किया गया है। प्राधिकरण ने जमीन खरीद ली है। उसकी तार फेंसिंग कराई जा रही है। कंपनी को जमीन पर कब्जा देने में किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी।
लेटर आफ कम्फर्ट जारी
पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में फिल्म सिटी की विकासकर्ता कंपनी बेव्यू प्रोजेक्ट्स को लेटर आफ कम्फर्ट जारी कर दिया। अब कंपनी को 180 दिन में फिल्म सिटी के लिए स्पेशल परपज व्हीकल (एसपीवी) कंपनी समेत अन्य शर्तों पूरी करनी होंगी। शर्तों को पूरा करने पर विकासकर्ता कंपनी को जमीन पर कब्जा दिया जाएगा।
यीडा सीईओ की अहम भूमिका
अब उम्मीद है कि 22 जून के बाद किसी भी दिन कंपनी फिल्म सिटी का निर्माण शुरू कर देगी। इस प्रोजेक्ट को धरातल में लाने में यमुना प्राधिकरण सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह की अहम भूमिका है। उनके ही अथक प्रयास के बाद फिल्म सिटी परियोजना तैयार हुई है। अब उसका खाका तैयार हो गया है।


















