जांच के लिए अस्पताल में उमड़ी भीड़, डिस्टेंसिंग की उड़ी धज्जियां

गाजियाबाद। जनपद में कोरोना संक्रमित नागरिकों का आंकड़ा निरंतर बढ़ रहा है। एक दिन पहले यानी सोमवार को जनपद में सर्वाधिक 827 कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए थे। यह रिकार्ड संख्या थी। इस बीच मंगलवार को कोरोना जांच कराने के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय सेक्टर-23 संजय नगर में जबरदस्त भीड़ रही। लाइन में लगी महिलाएं एवं पुरूष अपनी बारी का बेसब्री से इंतजार करते रहे। वहीं,सोशल डिस्टेंसिंग की भी धज्जियां उड़ती हुई नजर आई। लोगों में टेस्ट कराने को लेकर अफरा तफरी का माहौल रहा। कोरोना सक्रमण के बढ़ते मामलों की वजह से अब जांच को लेकर लोगों की अस्पताल में भीड़ उमड़ रही हैं। अस्पताल के सीएमएस डॉ.संजय तेवतिया ने बताया कि कोरोना जांच के लिए टॉकन सिस्टम लागू किया गया है। टोकन के आधार पर ही जांच कराई जा रही हैं। हालात ऐसे हो गए है कि जिले में जहां कोरोना संक्रमितों को अस्पतालों में बेड उपलब्ध नहीं हो पा रहे है। वहीं,इंजेक्शन की भी भारी कमी है। वहीं,हिंडन मोक्ष स्थली श्मशान घाट पर भी लोगों को शवों के अंतिम संस्कार के लिए घंटो घंटो इंतजार करना पड़ रहा है। हालांकि नगर निगम द्वारा अंतिम संस्कार के लिए नए आठ प्लेटफार्म बनाए गए हैं। पुलिस प्रशासन के अधिकारी सड़क पर उतरकर लोगों से कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील कर रहे हैं। बावजूद इसके बहुत से लोग सुधरने को तैयार नहीं है। जिला संयुक्त चिकित्सालय में कोरोना टेस्ट कराने को लेकर लोगों की लंबी लाइन लगी रहीं। पहले टेस्ट कराने को लेकर लोगों में मारामारी मची रही।