गोदाम की भूमि पर विकसित किया जाएगा पार्क
2134 भवनों को स्कीम लॉन्च कर बेचेगा जीडीए
गाजियाबाद। जीडीए की 157वीं बोर्ड बैठक शनिवार को आयोजित की गई। इस बैठक में कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। नेहरू नगर में जीडीए के सेंट्रल गोदाम की भूमि पर खूबसूरत पार्क विकसित किया जाएगा। इसके अलावा मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना में भूखंडों की कीमत नहीं बढ़ाई जाएगी। इसी क्रम में 2134 भवनों को पहले आओ, पहले पाओ स्कीम लॉन्च कर बेचा जाएगा। इन भवनों की कीमत करीब 750 करोड़ रुपए है। बोर्ड बैठक की अध्यक्षता मेरठ मंडल की कमिश्नर एवं जीडीए चेयरमैन अनीता सी मेश्राम ने की। बोर्ड बैठक में कुल 21 प्रस्ताव रखे गए। इनमें से 15 प्रस्तावों को स्वीकृति दे दी गई।
जबकि अन्य प्रस्तावों को अगली बैठक में संशोधित कर रखने का निर्णय लिया गया। मंडलायुक्त मेश्राम ने बताया कि वर्ष-2015 में शासन के निर्देश पर जीडीए ने समाजवादी आवास योजना को अर्फोडेबल योजना में चेंज किया था। इसके तहत निर्माण लागत 3 फीसदी और अन्य ओवर हैड के मद में 12 फीसदी की छूट दी गई थी, मगर अब इस अर्फोडेबल योजना से समाजवादी आवास योजना का नाम हटाने के बाद यह छूट भी खत्म कर दी गई है। रिक्त पड़े फ्लैट की कीमत 15 फीसदी बढ़ गई हैं। इंद्रप्रस्थ, कोयल एंक्लेव और मधुबन बापूधाम योजना में 2,363 फ्लैट का निर्माण किया था। जिसमें से अभी भी 1,292 फ्लैट खाली पड़े हैं। बढ़ी कीमत खाली फ्लैटों पर लागू होगी। बोर्ड बैठक में जीडीए का वित्तीय वर्ष-2021-22 का बजट पेश किया गया।
बजट में वर्ष-2019-20 में आय 606 करोड़ थी। वर्ष-2020-21 में 607 करोड़ मार्च तक हो जाएगी। वहीं, वर्ष.-021-22 के लिए जीडीए का 1020 करोड़ आय और 1001 करोड़ रुपए व्यय का बजट पास किया गया। बैठक में मेरठ जोन के आईजी प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय, जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश, सचिव संतोष कुमार राय, अपर सचिव सीपी त्रिपाठी, सीएटीपी आशीष शिवपुरी, चीफ इंजीनियर विवेकानंद सिंह, फाइनेंस कंट्रोलर सूबेदार सिंह, अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार के अलावा जीडीए बोर्ड सदस्य सचिन डागर, हिमांशु मित्तल, मोहम्मद आसिफ खान, कृष्णा त्यागी, पवन गोयल, केशव त्यागी व चंद्र मोहन शर्मा आदि मौजूद रहे।
भूखंड की नहीं बढ़ेगी कीमत
मधुबन बापूधाम आवासीय योजना में बेचे हुए भूखंड की कीमत अभी नहीं बढ़ाई जाएंगी। इनकी कीमत बढ़ाने पर विचार करने के लिए कमेटी बनाई गई है, जो अपनी रिपोर्ट अगली बोर्ड बैठक में प्रस्तुत करेगी। जीडीए चेयरमैन ने बताया कि नेहरू नगर में जीडीए ने गोदाम बनाया था। 9500 वर्ग मीटर में फैले गोदाम पर भू-उपयोग परिवर्तित कर गु्रप हाउसिंग बनाना चाहता था, लेकिन बोर्ड सदस्यों ने विरोध किया। इस विरोध के चलते अब इस जमीन पर आकर्षक पार्क बनाने का फैसला किया गया है। इसके लिए प्राधिकरण जल्द सलाहकार नियुक्त करेगा।
पीएम आवास योजना में मकान महंगे
मंडलायुक्त अनीता सी मेश्राम ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शासन ने प्रस्तावित मकानों की कीमत 4.50 लाख रुपए से बढ़ाकर अब 6 लाख रुपए कर दी है। यानि 1.50 लाख रुपए कीमत बढ़ाई गई है। इसमें राजनगर एक्सटेंशन के नूरनगर, प्रताप विहार और निवाड़ी के प्रोजेक्ट भी शामिल होंगे। ऐसा किए जाने से जहां अभी तक आवंटी को इनमें 3.50 लाख रुपए देने पड़ेंगे। मंडलायुक्त ने बताया कि जीडीए की 10 योजनाओं में रिक्त पड़े कुल 2,134 फ्लैट को अब पहले आओ, पहले पाओ योजना में बेचा जाएगा। ईडब्ल्यूएस, एलआईजी, मिनी एमआईजी, एमआईजी, वन बीएचके, टू बीएचके और थ्री बीएचके फ्लैट शामिल हैं। यह फ्लैट मधुबन बापूधाम के पांच पॉकेट, वैशाली के मंदाकिनी व अलकानंदा अपार्टमेंट, कोयल एंक्लेव, इंद्रप्रस्थ आवासीय योजना, चंद्रशिला योजना, मोदीनगर की संजयपुरी योजना में हैं। योजना के लागू होने से जीडीए को 750 करोड़ रुपए की आय हो सकेगी।















