1 मार्च से संचारी रोग नियंत्रण अभियान का आगाज

संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर अपर जिलाधिकारी ने ली बैठक

गाजियाबाद। जनपद में एक मार्च से संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू किया जाएगा। इसके चलते अपर जिलाधिकारी (भू.अ.) कमलेश कुमार बाजपेई ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में स्थित महात्मा गांधी सभागार में संचारी रोग नियंत्रण से संबंधित बैठक आहूत की। बैठक में उन्होंने कहा कि संचारी रोग माह में दस्तक अभियान भी चलेगा। 1 मार्च से 24 मार्च के मध्य चलने वाले दस्तक अभियान में क्षय रोगियों का चिन्हिकरण किया जाना तय हुआ है, जिसके लिए क्षय रोग विभाग की ओर से विभिन्न कार्य किए जाने की योजना है। जनपद में कुल 4 ब्लॉक हैं। चारों ब्लॉकों में कुल 16 क्षय नियंत्रण इकाइयां है। अभियान में प्रत्येक क्षेत्र की एएनएम को सुपरवाइजर बनाया जाएगा। सभी एसटीएस अपने अपने टीयू क्षेत्र की सभी एएनएम से चिन्हित संभावित क्षय रोगियों की सूचि प्राप्त कर रोगियों की जांच तथा क्षय ग्रसित निकलने पर उपचार सुनिश्चित कराएंगे तथा इससे संबंधित दैनिक रिपोर्ट जिला क्षय रोग केंद्र को उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कार्यरत सभी टीमों को क्षय रोगों के लक्षणों तथा पूछे जाने वाले प्रश्नों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। दैनिक रिपोर्ट शासन को प्रेषित की जाएगी। जिला क्षय रोग अधिकारी द्वारा साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी। संपूर्ण चरण में दौरान क्षय रोग के लक्षणों की पहचान, बचाव के उपाय की जानकारी देने तथा सामाजिक सहभागिता के लिए व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार आदि का कार्य किया जाएगा। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी आदि मौजूद रहे।