कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर पर 24 घंटे हो रहा संचालन

-प्रतिदिन लगभग 500 कॉल्स कोविड-19 के मामले हो रहे दर्ज

गाजियाबाद। जनपद में कोविड-19 महामारी के मद्देनजर नागरिकों को कोरोना संक्रमण से सुरक्षित करने के उद्देश्य से विभिन्न स्तर पर कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। एक पटल पर कोरोना से संबंधित सभी समस्याओं का निराकरण संभव हो सके, इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए जिला प्रशासन द्वारा एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का 24 घंटे संचालन किया जा रहा है। कंट्रोल रूम के नंबर 0120-2965798, 0120-2965799, 0120-2965757, 0120-2965758, 0120-2829040, 8826797248 पर प्रतिदिन लगभग 500 कॉल्स कोविड-19 को लेकर प्राप्त हो रही हैं। जन सामान्य द्वारा कोरोना महामारी को लेकर अपनी समस्याएं संबंधित कंट्रोल रूम नंबर पर दर्ज कराई जा रही हैं। जिला प्रशासन, पुलिस, प्राधिकरण, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा प्राप्त शिकायतों का निराकरण प्रतिदिन गंभीरता के साथ सुनिश्चित किया जा रहा है ताकि सभी जनपद वासियों को कोरोना वायरस के संक्रमण से सुरक्षित बनाया जा सके। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडे ने जनपद वासियों का आह्वान किया है कि कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के संबंध में तथा कोरोना के संबंध में अन्य किसी भी प्रकार की समस्याओं को संबंधित एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के नंबर पर दर्ज कराया जा सकता है ताकि संबंधित शिकायत का निराकरण तत्काल प्रभाव से संबंधित विभागीय अधिकारियों के माध्यम से सुनिश्चित कराया जा सके।