-18 अधिकारी की निगरानी में होगी चिकित्सालयों की संपूर्ण व्यवस्थाए
गाजियाबाद। जनपद में कोविड-19 रोगियों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि के कारण सभी कोविड चिकित्सालयों पर अत्यधिक भार है। उक्त रोगियों के लिए शैयाओं की व्यवस्था कराने में भी कठिनाई हो रही है। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने बताया कि यह भी संज्ञान में आया है कि कम तीव्रता वाले रोगियों अथवा लक्षण विहीन तथा कम गंभीर रोगियों को चिकित्सालय से डिस्चार्ज नहीं किया जा रहा है। जिस कारण गंभीर रोगियों को चिकित्सालय में भर्ती कराए जाने में काफी कठिनाई आ रही है। इस स्थिति को देखकर जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने प्रत्येक कोविड चिकित्साल में टीम गठित कर भर्ती मरीजों के डिस्चार्ज की स्थिति जांचने के साथ-साथ चिकित्सालय में अन्य समस्त आवश्यक व्यवस्थाओं यथा-साफ-सफाई, भर्ती मरीजों का समुचित उपचार/देखभाल, दवाइयों की उपलब्धता, आवश्यकतानुसार मेडिकल ऑक्सीजन सप्लाई एवं रेमडेसिविर एवं अन्य दवाइयों की उपलब्धता का औचक निरीक्षण कराए जाने के निर्देश दिए हंै। उक्त सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए 18 अधिकारियों को नामित किया गया है। उन्हें निर्देशित किया है कि आंवटित चिकित्सालयों में उक्त संपूर्ण व्यवस्थाएं शासन द्वारा कोविड-19 हेतु समय-समय पर जारी गाइड लाइन एवं कोविड-2019 रोगियों हेतु संशोधित डिस्चार्ज पॉलिसी के अनुसार सुचारू कराकर पायी गयी कमियों की आख्या तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अतिरिक्त नामित अधिकारियों की आख्या प्राप्त कर पायी गयी कमियों का संकलन कर प्रस्तुतीकरण करने तथा यथाआवश्यकतानुसार संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही किए जाने का प्रस्ताव तत्काल उपलब्ध कराने को अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील त्यागी को नामित किया है। जिलाधिकारी ने यह कार्यवाही अपर जिलाधिकारी (नगर) के पर्यवेक्षण में कराने के निर्देश दिए हैं।
















