मॉडल के तौर अगस्त तक 25 ग्राम पंचायत होंगे विकसित: सीडीओ

-161 ग्राम पंचायतों में 25 ग्राम पंचायतों का चयन
-ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों को मिलेगा बेहतर सुविधाओं का लाभ

गाजियाबाद। ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके। इसलिए जिले की 25 ग्राम पंचायतों को मॉडल के तौर पर विकसित किया जाएगा। अगस्त माह तक इन सभी 25 ग्राम पंचायतों को मॉडल के रूप में विकसित करने की कवायद शुरू हो गई है। मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल ने बताया कि जिले की 161 ग्राम पंचायतों में 25 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। मॉडल के तौर पर ऐसी ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है,जिनमें राज्य वित्त आयोग और 15वें वित्त आयोग से मिलने वाले फंड की राशि सालाना 40 लाख से अधिक है। सीडीओ अस्मिता लाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्राम पंचायतों के नाम तय किए गए। इनमें कार्य शुरू करवाया जाएगा।जिले के सभी चारों ब्लॉक रजापुर,मुरादनगर,भोजपुर और लोनी ब्लॉक क्षेत्र के यह ग्राम पंचायतें शामिल की गई है। इन ग्राम पंचायतों में ब्लॉक रजापुर से डासना देहात,मसूरी,नाहल,जलालाबाद,मुहिदीनपुर ढ़बारसी,सीकर कला के अलावा ब्लॉक भोजपुर से बेगमाबाद बुढ़ाना, कलछीना, बिशोखर, रोरी, भोजपुर, सैदपुर-हुसैनपुर डीलना, सीकरी खुर्द, त्यौड़ी तेरह बिस्वा, औरंगाबाद गदाना है। मुरादनगर ब्लॉक से अबूपुर, सौंदा, सुराना के अलावा लोनी ब्लॉक से हकीकतपुर उर्फ खुदावास, इलायचीपुर, असालतपुर फर्रूखनगर, मंडौला, टीला शाहबाजपुर, जावली, चिरौड़ी ग्राम पंचायत शामिल है। सीडीओ अस्मिता लाल ने बताया कि इन ग्राम पंचायतों में के सभी सरकारी भवनों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने, पंचायत भवन में कॉमन सर्विस सेंटर का संचालन,व्यक्तिगत रूप से घरों में भी रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।गांवों में नाले-नालियों की सफाई समय पर सुनिश्चित किया जाएगा। ताकि जल निकासी हो सके। ग्राम पंचायत में रहने वाले सभी पात्रों का आयुष्मान भारत योजना का कार्ड बनाया जाएगा। वहीं, सभी विभाग के श्रमिकों का श्रम विभाग में पंजीकरण कराया जाएगा, जिससे कि वे जरूरी सुविधाओं का लाभ ले सकें।तालाबों का जीर्णोंद्वार कर चारों तरफ पाथ-वे बनाए जाएंगे। पौधारोपण किया जाएगा। ग्रामीणों के बैठने के लिए सीमेंंट की बनी बेंच लगाई जाएगी। घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था होगी। जिले की इन 25 ग्राम पंचायतों को मॉडल ग्राम पंचायत बनाने का कार्य जल्द शुरू होगा। इन सभी कार्यों को समय पर कराया जाएगा।