करोड़पति विधायक के पास हैं 4 कार, बैंक में डेढ़ करोड़ जमा
गाजियाबाद। जनपद में नामांकन प्रक्रिया सुचारू एवं शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। इसके चलते मंगलवार को 4 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। मुख्य रूप से लोनी विधान सभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नंदकिशोर गुर्जर शामिल रहे। करोड़पति नंदकिशोर गुर्जर के पास 4 कार हैं। भाजपा प्रत्याशी ने नामांकन के साथ दाखिल शपथ पत्र में अपनी चल-अचल संपत्ति का विस्तृत ब्यौरा दिया है। मौजूदा विधायक एवं भाजपा उम्मीदवार नंदकिशोर गुर्जर ने रिटर्निंग ऑफिसर एसडीएम संतोष कुमार राय के समक्ष नामांकन पत्र जमा किया।
इनके अलावा लोनी सीट से हिंदुस्तान निर्माण दल पार्टी के प्रत्याशी अमित कुमार ने नामांकन पत्र दाखिल किए। वहीं, मुरादनगर सीट से अपर नगर मजिस्ट्रेट चंद्रेश कुमार सिंह के समक्ष न्याय पार्टी की प्रत्याशी प्र्रेरणा सोलंकी ने अपना नामांकन पत्र जमा किया। इसके अलावा शहर गाजियाबाद सीट से सिटी मजिस्ट्रेट गंभीर सिंह के समक्ष कक्ष में राइट टू रिकॉल पार्टी के प्रत्याशी राकेश सूरी ने नामांकन दाखिल किया। कुल मिलाकर मंगलवार को 4 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। जबकि मुरादनगर सीट से एक नामांकन पत्र, साहिबाबाद सीट से एक नामांकन पत्र, गाजियाबाद शहर सीट से 4 नामांकन पत्र और मोदीनगर सीट से 4 नामांकन पत्र प्रत्याशियों के लिए खरीदे गए।
मंगलवार तक कुल मिलाकर जिले की सभी पांचों विधानसभा सीटों से 126 नामांकन पत्र खरीदें जा चुके हैं। कलेक्ट्रेट परिसर में मेन गेट और नामांकन कक्ष तक जहां भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई है। जिले में शुक्रवार से नामांकन दाखिल होने की प्रक्रिया शुरू होने के चलते नामांकन दाखिल हो रहे हैं। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के चलते कलेक्ट्रेट में अंदर और बाहर पुलिस फोर्स की किलेबंदी की गई है। बैरिकेडिंग कर जहां वाहनों को पहले ही रोक दिया गया। वहीं,नामांकन पत्र जमा करने के दौरान प्रत्याशी एवं दो प्रस्तावकों को ही कक्ष में प्रवेश दिया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए नामांकन पत्र दाखिल कराए जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रखने के निर्देश दिए है। नामांकन पत्र कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह की कोर्ट कक्ष के अलावा अन्य अधिकारियों की कोर्ट कक्ष में सभी पांचों विधानसभा के प्रत्याशियों के अलग-अगल कोर्ट कक्ष में रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष जमा किए जाएंगे। कलेक्ट्रेट में न्यायालय कक्ष में नामांकन पत्र दाखिल होने की प्र्रक्रिया 21 जनवरी तक चलेगी।
नामांकन प्रक्रिया के लिए 14 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। वहीं, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर मशीन लगाने के साथ ही एंट्री कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कक्ष तक हो पाएगी। जिले की सभी पांचों विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशी कलक्ट्रेट में बनाए केंद्र पर अपने नामांकन दाखिल करेंगे। प्रत्येक नामांकन कक्ष में दो-दो और गलियारे में चार कैमरे हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। जिले में 10 फरवरी को पहले चरण में मतदान होना है। प्रत्येक कक्ष में एक वीडियोग्राफर होने के चलते पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था और कोरोना प्रोटोकाल को ध्यान में रखकर तीन स्तर पर बैरिकेडिंग की गई हैं।















