मोबाइल दिखाएगा 728 मतदान केंद्र की राह: डॉ. ईरज राजा

-3353 बूथों की गूगल मैप पर मिलेगी लोकेशन

गाजियाबाद। विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 10 फरवरी को जिले में होने वाले मतदान को लेकर मतदान केंद्र एवं बूथों की जानकारी करने के लिए अब मतदाताओं को परेशान होने की जरूरत नहीं है। मोबाइल फोन पर क्लिक करने के बाद गूगल मैप के जरिए मतदान केंद्रों एवं बूथों की लोकेशन मिल सकेगी। जिले की सभी पांचों विधानसभा सीट के अलावा धौलाना आंशिक सीट के लिए 728 मतदान केंद्र और 3353 बूथ बनाए गए हैं।
विधानसभा चुनाव के नोडल अधिकारी एवं एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने बताया कि पुलिस की चुनाव सेल ने एक विशेष प्रकार की पीडीएफ की साफ्ट फाइल तैयार की है। जिले में अब पहली बार इसका प्रयोग होगा। पीडीएफ फाइल में मतदान केंद्र का फोटो,केंद्र की जानकारी के साथ अटैच है। फोटो पर क्लिक करते ही गूगल मैप खुल जाएगा और मतदान केंद्र की लोकेशन दिखाई देगी। ऐसे में मतदाता बगैर परेशानी के आसानी से गूगल मैप के जरिए मतदान केंद्र एवं बूथों तक जा सकेंगे।
नोडल अधिकारी डॉ. ईरज राजा ने बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए जिले में मतदान केंद्र-728 और पोलिंग बूथ-3,353 बनाए गए हैं। आदर्श आचार संहिता लगने से पूर्व ही पुलिस ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण शुरू कर दिया था।थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर पहुंचे और मतदान केंद्र की फोटो के साथ उसकी मौजूदा लोकेशन जारी किए गए एक वाट्सएप नंबर पर उपलब्ध कराएं। इन सभी मतदान केंद्रों की फोटो,जानकारी और लोकेशन को चुनाव सेल ने कंपाइल कर इसकी पीडीएफ फाइल बनाई है। मतदान के दौरान यदि किसी केंद्र पर कोई भी विपरीत परिस्थिति उत्पन्न होती है तो संबंधित सेक्टर और जोन की टीम समेत अधिकारी व राहत टीम मौके पर पहुंच सकेगी। इस फाइल की मदद से केंद्र की लोकेशन लेकर तत्काल रेस्पांस दिया जा सकेगा। पीडीएफ फाइल में क्रम संख्या, विधानसभा क्षेत्र का नाम,थाना, मतदान केंद्र का नाम, विधानसभा क्षेत्र की संख्या, केंद्र पर बूथ की संख्या, क्रिटिकल केंद्र है या नहीं और मतदान केंद्र की फोटो व गूगल मैप बनाया गया हैं। जिले में मतदान के लिए विधानसभा लोनी-मतदान केंद्र-147,पोलिंग बूथ-556 है, मुरादनगर- मतदान केंद्र-139,पोलिंग बूथ-547 है। साहिबाबाद-मतदान केंद्र-181 और पोलिंग बूथ-1158 है। गाजियाबाद शहर सीट-मतदान केंद्र-95,पोलिंग बूथ-538 बनाए गए है। मोदीनगर-मतदान केंद्र-129,पोलिंग बूथ-414 और धौलाना आंशिक में मतदान केंद्र-37,पोलिंग बूथ-140 है। कुल मिलाकर मतदान केंद्र- 728 और पोलिंग बूथ-3353 हैं। एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने बातया कि पुलिस की चुनाव सेल के अधिकारियों व कर्मचारियों की सुविधा के लिए यह पीडीएफ फाइल तैयार कराई गई है। पुलिसकर्मियों के इसमें अहम योगदान से फाइल तैयार होने के बाद चुनाव संंबंधी प्रक्रिया एवं मतदान केंद्र,पोलिंग बूथों की लोकेशन पता करने में सहूलियत मिलेगी।