गाजियाबाद। रख-रखाव के अभाव और रोजाना हो रहे कब्जों के चलते दम तोड़ रहे तालाबों के दिन अब बहुरने वाले हैं। लगातार गिर रहा भूगर्भ जलस्तर शहर और देहात क्षेत्रों में बड़ी समस्या बन चुका है। माना जा रहा है कि तालाबों के समाप्त हो रहे आस्तित्व के चलते ऐसा हुआ। जहां तालाब हैं, वहां रखरखाव के चलते वह ऐसी स्थिति में पहुंच चुके हैं।
पानी बचाओं थीम पर अगले 6 माह में नगर निगम सीमा से सटे गांव और शहर के 45 तालाबों के जल्द ही दिन बहुरेंगे। इनके लिए वॉटर बॉडी रिवाइकल कमेटी का गठन भी किया जाएगा। जिससे तालाबों की सफाई से लेकर ग्रामीणों को इससे जोड़कर तालाबों का सौंदर्यीकरण भी कराया जा सके। म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर ने फिर एक बार अनोखी पहल करते हुए गांव और शहर के तालाबों की स्थिति सुधारने के लिए 45 तालाबों को चिन्हित कर कवायद शुरू कर दी है। इन तालाब की सफाई कराने के साथ ही जलकुंभी निकालने से लेकर मिट्टी खुदाई और गंदगी को साफ किया जाएगा। इसके लिए नई तकनीक के आधार पर तालाबों का सौंदर्यीकरण कर बरसात के पानी को भी रिजर्व किया जाएगा। इसके लिए मेयर की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया जाएगा। इसमें म्युनिसिपल कमिश्रर ,पार्षद, ग्रामीण से लेकर सामाजिक संगठनों का भी सहयोग लिया जाएगा। इन तालाबों के नाम पर समिति बनाई जाएगी। वहां के लोगों को इसमें शामिल किया जाएगा। पहले चरण में 10 तालाबों का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि शहर के प्राचीन पक्का तालाब की भी प्लानिंग की गई है। इसके अलावा नगर निगम सीमा अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र और शहर के मिलाकर 45 तालाबों को चिन्हित किया गया है। इनमें गांव सदरपुर में 2 तालाब, मोरटा में 2 तालाब, सिकरोड़ में 1 तालाब, शाहपुर-बम्हैटा और गांव रईसपुर में 1-1 तालाब, काजीपुरा में 1 तालाब, दुहाई में 2 तालाब चिन्हित किए गए है। इन तालाबों का पहले चरण में सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। वहीं, तालाब में गंदगी साफ करने के अलावा गंदा पानी को बाहर निकालना, कीचड़ साफ करने के अलावा खुदाई कराने से लेकर इनके सूखने का टाइम निर्धारित किया गया हैं। तालाब में पानी आने के लिए एक ही नाले से ज्वाइंट किया जाएगा। इसमें जाल लगाया जाएगा, जिससे तालाब में गंदगी को रोका जा सके। तालाब की साफ-सफाई करने के बाद इसके चारों और घास व पेड़-पौधे लगाकर यहां एक अच्छी वाटिका भी बनाएगें, जिससे कि यह स्थान लोगों के लिए एक सुंदर पर्यटक स्थल बन सके। तालाब के चारों और रंग-रोगन और लाइट भी लगाई जाएगी। म्युनिसिपल कमिश्रर ने बताया कि यह योजना सफल हुई तो अन्य तालाबों को भी इस प्रकार की सुविधा की जाएगी। जिसके लिए 6 माह का लक्ष्य रखा गया है। एसआर फंड से इनका सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।
















