जरा सी चूक जिदगी पर पड़ सकती है भारी: डीएम

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का डीएम ने किया शुभारंभ

गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ हरी झंडी दिखा कर किया। एनआईसी गाजियाबाद में स्थानीय अधिकारियों ने इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। इस दौरान डीएम-एसएसपी के अलावा सड़क सुरक्षा जागरूकता से संबंधित अन्य स्टेक होल्डर्स डिपार्टमेंट के अधिकारी मौजूद रहे। तत्पश्चात जनपद में सड़क सुरक्षा जागरूकता से संबंधित बाइकोत्थान रैली का जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने हरी दिखाकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक यातायात रामानंद कुशवाहा, एआरटीओ आर.के. सिंह, विश्वजीत प्रताप सिंह, राघवेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी मनीष वर्मा, क्षेत्राधिकारी यातायात महिपाल सिंह आदि मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने सभी लोगों से अपील की कि यातायात नियमों की जानकारी के साथ-साथ उसका अनुशासित ढंग से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा बस थोड़ी सी सावधानी बरतने की आवश्यकता है। वाहन चलाते समय हर किसी के लिए सावधानी बरतना आवश्यक होता है। सफर करते समय जरा सी चूक जिदगी पर भारी पड़ सकती है। यातायात नियमों के पालन में लोग अपना सहयोग दें। वाहनों को चलाते समय बहुत छोटी-छोटी चीजों का हमें ध्यान रखना है। थोड़ी से असावधानी और अनदेखी से दुर्घटनाओं की आशंका प्रबल हो जाती है। इन पर संयम बरतने की जरूरत है। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल से बचें। दुर्घटनाओं को कम करने एवं सडक़ दुर्घटना में मृत्यु दर घटाने के लिए सभी स्टेक होल्डर्स आगे आएं। एसएसपी ने बाइक चलाते समय हेलमेट लगाने एवं स्टंट न करने की अपील की। यातायात पुलिस के बाइकर्स के साथ-साथ आई राइड कैंपेन के दीपक गुप्ता द्वारा बाइकर्स को एकत्र किया गया। रैली में ट्रैफिक ट्रेनर शैलेश सिन्हा, मनीष कंसल, कृष्णा, गोपाल शर्मा आदि उपस्थित रहे। रैली में कुल डेढ़ सौ बाइकर्स ने प्रतिभाग किया। यह रैली कविनगर रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर मोहन नगर चौराहे के पास कुल 6 किलोमीटर की दूरी पर समाप्त हो गई।