चेयरमैन ने ईओ से बताया जान का खतरा, ईओ ने लगाया कमीशन मांगने का आरोप
गाजियाबाद। खोड़ा नगर पालिका परिषद की चेयरमैन रीना भाटी और अधिशासी अधिकारी (ईओ) केके भड़ाना के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। पूर्व में ईओ ने खोड़ा थाने में चेयरमैन समेत दो लोगों के खिलाफ मुकद्मा दर्ज कराया था। जिसके बाद चेयरमैन ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर ईओ के खिलाफ कार्र्रवाई करने की मांग की थी। अब चेयरमैन ने ईओ से जान का खतरा होने का आरोप लगाते हुए कार्यालय जाना बंद कर दिया है। उधर, अधिशासी अधिकारी का कहना है कि चेयरमैन हर ठेका देने के बदले कमीशन मांगती हैं। उन्होंने विरोध किया तो उन पर अनर्गल आरोप लगाए जा रहे हैं। चेयरमैन रीना भाटी ने शुक्रवार को कहा कि जनता ने इसलिए चेयरमैन को चुना है, जिससे वह विकास कार्यो का निर्णय लें, लेकिन बोर्ड बैठक में बनाई गई योजनाओं पर काम नहीं हो रहा। रीना भाटी ने जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय, सांसद वीके सिंह, विधायक सुनील शर्मा समेत अन्य अधिकारियों व नेताओं से शिकायत कर जांच कराने और ईओ को हटाने की मांग की है। चेयरमैन ने कहा है कि जब तक ईओ यहां से हटाए नहीं जाते तब तक वह दफ्तर नहीं आएंगी। वहीं खोड़ा नगर पालिका परिषद के ईओ केके भड़ाना का कहना है कि सरकारी तंत्र पर अपना अधिकार बनाने के लिए आरोप लगाए जा रहे हैं। हम क्यों चेयरमैन या उनके प्रतिनिधि पर हमला करेंगे जबकि हमें तो खुद ही चेयरमैन और उनके गुंडों से डर लग रहा है। इस मामले में पहले ही थाना खोड़ा में शिकायत दी है। इसके चलते ही उन पर दबाव बनाने के लिए चेयरमैन षडयंत्र रच रही हैं। चेयरमैन हर ठेके में उनसे कमीशन का हिस्सा मांगती हैं, न देने पर कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की धमकी देती हैं। कंपनी संचालक ने भी चेयरमैन की शिकायत की है।
















