रेहड़ी-पटरी वालों की समस्या का प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर करें समाधान: इन्द्रजीत सिंह टीटू

गाजियाबाद। सड़कों पर लगने वाले साप्ताहिक बाजार को लेकर चल रही रार, समाप्त होने का नाम नहीं ले रही है। एक तरफ सड़कों पर लग रहे साप्ताहिक बाजार से लगने वाले जाम से लोगों को निजात दिलाने के लिए पुलिस कमिश्नर ने पूर्ण रुप से बाजार लगाने पर रोक लगा दी है तो वहीं पुलिस कमिश्नर के इस आदेश से सड़कों पर सामान बेचकर अपना जीवन यापन करने वाले छोटे तबके लोगों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। जाम से निजात दिलाने और रेहड़ी-पटरी वालों का रोजगार बना रहें इसकी पहल करते हुए राष्ट्र्रीय लोकदल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (माइनॉरिटी) इन्द्रजीत सिंह टीटू ने शुक्रवार को जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा। दिए गए ज्ञापन में पुलिस-प्रशासन और आमजन के बीच बैठक कर आपसी समन्वय स्थापित कर वैकल्पिक समाधान निकालने का अनुरोध किया। इन्द्रजीत सिंह टीटू ने कहा सड़कों पर गरीब परिवार अपने हक की लड़ाई लड़ रहे है।

राष्ट्रीय लोकदल पार्टी गरीबों और किसानों की पार्टी है, जो समय-समय पर उनकी आवाज बनकर हक की लड़ाई के लिए अगली पंक्ति में हमेशा खड़ी रहती है। रोजगार करना सभी का अधिकार है और जाम की समस्या से निजात दिलाना भी पुलिस-प्रशासन का कार्य है। इसलिए पुलिस-प्रशासन को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए पैठ बाजार व्यापारियों के साथ बैठक कर वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था की जाए। इस प्रयास से न तो आम जन को समस्या होगी और न ही उनका रोजगार छिना जाएगा। साप्ताहिक बाजार के लिए शहर क्षेत्र में कई ऐसे स्थान खाली है, जहां पर यह छोटे तबके के व्यापारी अपना व्यापार कर परिवार का भरण पोषण कर सकते है। यह तभी संभव होगा, जब सभी पुलिस-प्रशासन के अधिकारी एक साथ मिलकर पैठ व्यापारियों के साथ बैठक कर इस समस्या का एक साथ मिलकर हल निकाल सकेंं।