-
अवैध निर्माण नियंत्रित करने को 8 जोन में हो सकेगी प्रभावी तरीके से कार्रवाई
गाजियाबाद। आखिर दो साल के लंबे इंतजार के बाद गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) को नई 4 जेसीबी मशीनें उपलब्ध हो गई है। जीडीए सीमा क्षेत्र में सभी 8 जोन क्षेत्र में अब अवैध निर्माण नियंत्रित करने के लिए प्रभावी तरीके से कार्रवाई की जा सकेगी। मंगलवार को जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने जीडीए परिसर में खड़ी की गई दो साल बाद मिली नई 4 जेसीबी मशीन का विधिवत पूजन करते हुए नारियल फोड़कर इनका लोकार्पण किया। इस दौरान जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह, अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, ओएसडी सुशील कुमार चौबे, ओएसडी कनिका कौशिक, प्रभारी चीफ इंजीनियर मानवेंद्र कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीन का पूजन किया। जीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि जीडीए सीमा क्षेत्र में अवैध निर्माण को नियंत्रित करने के उद्देश्य से कुल 4 जेसीबी मशीनों को जैम पोर्टल के माध्यम से क्रय किया जाना था।
इस संबंध में वर्ष-2022 में मंडलायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रस्ताव पास किया गया था। यह तभी से प्रस्तावित थी। दो साल बाद जीडीए को अब 4 नई जेसीबी मशीन मिल गई हैं। जीडीए उपाध्यक्ष ने इन जेसीबी मशीन का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए मशीनों को खरीदने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में 14 और 16 दिसंबर को चारों जेसीबी मशीन जीडीए द्वारा खरीदी गई। जीडीए उपाध्यक्ष ने चारों जेसीबी मशीन का पूजन करने के बाद प्रवर्तन जोन-3 और प्रवर्तन जोन-5 क्षेत्र में खासतौर पर अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रवर्तन जोन को यह चारों जेसीबी मशीन सुपुर्द कर दी गई। उन्होंने निर्देश दिए कि सचिव तथा अपर सचिव उक्त जेसीबी मशीनों को जोनवार आवंटित करते हुए अवैध निर्माण पर सत्त कार्रवाई की मॉनिटरिंग अपनी देखरेख में सुनिश्चित करें। इसके साथ ही प्रवर्तन जोन के प्रभारी अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि अवैध निर्माणों के विरूद्ध इन जेसीबी मशीन के उपयोग से अवैध कालोनियों एवं अवैध निर्माणों पर आवश्यक ध्वस्तीकरण करते हुए प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करें।

















