-पौधरोपण कर मनाई आजादी के 75वीं वर्षगांठ
गाजियाबाद। कमला नेहरू नगर स्थित आठवीं बटालियन एनडीआरएफ में रविवार को देश की आजादी के 75वीं वर्षगांठ पर यूएन (ईपी) फेथ फॉर अर्थ काउन्सलर स्वामी दीपंकर की मौजूदगी में अमृत महोत्सव के तौर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रकार की प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
स्वामी दीपंकर का एनडीआरएफ कमान्डेंट प्रवीण कुमार तिवारी एवं अधिकारियों की मौजूदगी में एनडीआरएफ पुरुष एंव महिला ने रेस्क्युर्स के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में पर्यावरण के प्रति प्रेम भाव का संदेश देना है। स्वामी दीपंकर ने एनडीआरएफ के जवानों साथ मिलकर वृक्षारोपण किया।
स्वामी दीपंकर ने बताया कि एनडीआरएफ ने उनके मूल मंत्र आपदा सेवा सदैव सर्वत्र की सार्थकता को हर पैमाने पर सिद्ध किया है। प्रत्यक्ष तथा परोक्ष रूप से मानव सेवा में एनडीआरएफ हमेशा अग्रणी रही है। उन्होंने अपने संबोधन में एनडीआरएफ बटालियन के रेस्क्युर्स का उत्साह वर्धन किया और नीम वृक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण के प्रति प्रेम का संदेश दिया।
कमांडेंट पीके तिवारी ने बताया कि आठवीं बटालियन एनडीआरएफ हमेशा पर्यावरण के संरक्षण के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने बताया की वर्ष 2021 में अमृत महोत्सव के तहत अभी तक एनडीआरएफ कैम्प परिसर में सरकारी तथा गैर सरकारी संगठनों के सहयोग से 12000 से अधिक पौधों को लगाया जा चुका है। इस वर्ष मियामाकी प्रोजेक्ट के तहत एनडीआरएफ कैंपस में लगभग 8000 विभिन्न पौधों का सघन वृक्षारोपण किया गया है। यह गाजियाबाद का पहला ऐसा प्रोजेक्ट है, जिसमें एक साथ कम फासले में सघन पौधरोपण किया गया है। उन्होंने बताया एनडीआरएफ की टीमें प्रत्येक सैकेंड हर आपदा से निपटने के लिए हमेशा तैयार है।
















