बारिश की मार, मकान ढहने से भाई-बहन दबे

निजी अस्पताल में कराया भर्ती, हालत स्थित

ग्रेटर नोएडा। दनकौर में मूसलाधार बारिश के कारण रविवार को तड़के मकान ढहने से हड़कंप मच गया। इस बीच मलबे में 2 बच्चे दब गए। चीख-पुकार मचने पर आस-पास के ग्रामीण आनन-फानन में वहां आ पहुंचे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मलबे में दबे बच्चों को बाहर निकाल कर नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया।

जनपद गौतमबुद्ध नगर में बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश की वजह से कहीं राहत तो कहीं आफत आ रही है। दनकौर थाना क्षेत्र के कस्बा दनकौर में रविवार को तड़के मूसलाधार बारिश की वजह से सगीर का मकान ढह गया। ऐसे में सगीर का बेटा फरान (2) और बेटी सानिया (5) मलबे में दब गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मचने पर आस-पास के ग्रामीण वहां आ पहुंचे। पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई। सूचना पाकर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से फरान व सानिया को मलबे से निकाल कर नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनका उपचार चल रहा है। दोनों बच्चों की हालत स्थिर बताई गई है। पुलिस का कहना है कि तेज बारिश की मार से मकान जमींदोज हो गया।

उधर, गौतमबुद्ध नगर के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश से नुकसान की खबरें मिल रही हैं। सड़कों की हालत खराब हो गई है। जगह-जगह जलभराव होने से आवागमन पर प्रतिकूल असर पड़ा है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन करना ज्यादा मुश्किल हो गया है। वहीं, मौसम विभाग का कहना है कि बारिश का क्रम अभी जारी रहने की संभावना है।