27 जिलों को मिलाकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अलग राज्य बनाने की मांग

गाजियाबाद। पश्चिम प्रदेश निर्माण मोर्चा की उत्तर प्रदेश के पश्चिमी क्षेत्र के 27 जिलों को मिलाकर अलग प्रदेश बनाने की मांग को लेकर रविवार को मोर्चा द्वारा केंद्रीय अध्यक्ष श्री सत्यपाल सिंह यादव (एडवोकेट) के निवास शिव नगर शिव मंदिर लाल कुआं पर ध्वजारोहण व सदस्यता अभियान चलाया गया। केंद्रीय अध्यक्ष सत्यपाल सिंह यादव ने कहा उत्तर प्रदेश के 27 जिलों को अलग कर पश्चिमी प्रदेश बनने से विकास होगा, जो राजस्व यहां से जाता है। वह सारा पैसा यहीं पर खर्च होगा। यहां के लोगों को नौकरियां मिलेंगी। Western Uttar Pradesh के लोगों को न्याय के लिए प्रयागराज जाना पड़ता है। इससे लोगों को समय और धन दोनों बर्बाद होता है। लोग अलग राज्य बनाने के साथ हाईकोर्ट की दूसरी बेंच बनाने की भी मांग कर रहे हैं। जिला अध्यक्ष पंडि़त अशोक भारतीय ने कहा आबादी तथा क्षेत्रफल के हिसाब से उत्तर प्रदेश बड़ा राज्य है। इसकी आबादी 25 करोड़ से ज्यादा जनसंख्या के साथ दुनिया के पांचवें सबसे बड़े देश के समकक्ष है। इसमें 75 जिले 822 ब्लॉक और 52000 ग्राम पंचायत है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ है जो पश्चिम उत्तर प्रदेश के कई जिलों से 700 किमी तक की दूरी पर है। प्रदेश के सभी विभागों के मुख्यालय लखनऊ, कानपुर व इलाहाबाद में है, इसके चलते पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा प्रदेश का उच्च न्यायालय इलाहाबाद भी Western Uttar Pradesh के कई जिलों से 850 किमी तक की दूरी पर है। यहां के नागरिकों को मुकदमों की पैरवी के लिए हाईकोर्ट पहुंचने में धन एवं समय अधिक खर्च करना पड़ता है। उप्र में 30 स्टेट यूनिवर्सिटी हैं, इसमें से पश्चिमी उप्र की आठ करोड़ जनता के लिए मात्र छह ही हैं। सेंट्रल यूनिवर्सिटी भी पांच में से सिर्फ एक ही Western Uttar Pradesh में है। उत्तर प्रदेश के 30 मेडिकल कॉलेजों में से सिर्फ पांच ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश में है। इस दौरान केंद्रीय महासचिव कर्नल सुधीर, राजेंद्र पाराशर, ललित पोपली, सूरज त्यागी, राकेश गुप्ता, आलोक शर्मा ,गौरव यादव, भारत यादव, ज्ञान प्रकाश शर्मा, ओमप्रकाश सेना, दया गिरी, रिजवाना खान, ओमबीर वीरवाल (पूर्व आईएएस), आचार्य दिवाकर, वीरपाल बम्हेता, डिप्टी साहब, संजय नागर, हिमांशु गोस्वामी, सत्य प्रकाश गिरी, दिनेश, टीकम नागर, पार्षद आनंद, रवि वर्मा एवं अन्य लोगों ने भाग लिया।