बेटी के जन्मदिन पर आर्य समाज इंदिरापुरम ने लिया बेटी बचाओंं का संकल्प

-बेटियों से सुधरेगी समाज की दशा: प्रदीप गुप्ता आर्य

गाजियाबाद। बेटी बचाने से ही समाज की दशा सुधरेगी। संस्कृति को बचाने में महिलाओं की अहम भूमिका रही है। सृष्टि ने महिला, पुरूषों में भेदभाव नहीं किया है। इसे समाज ने जन्म दिया है। सामाजिक परिवार को मजबूत बनाने में बेटियों की अहम भूमिका है। आज बेटियां हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं। अगर हम बेटी को शिक्षित करेंगे तो उससे दो घरों का भविष्य संवरेगा। बेटियां देश का भविष्य है उन्हें पूरी मेहनत करके अपने लक्ष्य को हासिल करना चाहिए। तभी देश की उन्नति होगी। यह बातें गुरूवार को शरद पूर्णिमा के अवसर पर आर्य समाज इंदिरापुरम के प्रधान प्रदीप गुप्ता आर्य ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ बेटी का जन्मदिन मनाओ अभियान के तहत भाजपा नेता एवं समाजसेवी विनोद त्यागी की पुत्री श्वेता त्यागी के जन्मदिन पर आयोजित यज्ञ एवं भजन कार्यक्रम में लोगों को जागरूक करते हुए कहीं। उन्होंने कहा शिक्षा एक ऐसा साधन है जो राष्ट्र की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार लाने में एक जीवंत भूमिका निभा सकता है। यह नागरिकों की विश्लेषण क्षमता के साथ-साथ उनका सशक्तीकरण करता है, उनके आत्म-विश्वास का स्तर बेहतर बनाता है। समाजसेवी विनोद त्यागी ने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान तभी सार्थक होगा जब हम सब मिलकर भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा जैसे कलंकित प्रथा पर रोक लगा सकेंगे। इस अभियान के तहत हमे सभी बेटियों का जन्मदिन भी उत्साह के साथ मनाना होगा। क्योंकि बेटिया हमारा आज और कल है। इस मौके पर पार्षद मीना भंडारी, निर्मला त्यागी, माया प्रकाश त्यागी, डॉक्टर वीरपाल विद्यालंकार, आरके आर्य, अमर दत्त शर्मा, कृष्ण त्यागी, दिग्विजय सिंह आर्य, हर्ष भाटिया ने संयुक्त रूप से श्वेता त्यागी को उनके जन्मदिन पर शुभआशीष एवं उपहार भेंट करते हुए बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को सार्थक बनाने का संकल्प लिया।