-बाबा साहेब की प्रतिमा पर मेयर-नगर आयुक्त ने पुष्प किए अर्पित
गाजियाबाद। संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की जयंती बुधवार को जिले भर में विभिन्न संगठनों ने मनाई। इस दौरान उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। बुधवार को नगर निगम सभागार में मेयर आशा शर्मा, नगर आयुक्त महेंन्द्र सिंह तंवर ने संंयुक्त रूप से बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की 130 जंयती पर पुष्प अर्पित किए। मेयर आशा शर्मा ने कहा कि बाबा साहेब संविधान के जनक है।
हम लोगो को राजनीतिक लोक तंत्र के साथ सामाजिक लोकतंत्र को भी प्रस्थापित करना चाहिए। बाबा साहब वंचित वर्ग के उत्थान के लिए सदैव तत्पर रहे थे। बहुमुखी प्रतिभा के धनी बाबा साहब ने समाज में वर्ग के विभाजन को तोड़ सबको संविधान में समान अधिकार दिया है। नगर आयुक्त महेन्द्र सिंह तंवर ने कहा कि सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध अभियान चलाने वाले महान समाज सुधारक एवं भारतीय संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा_साहेब डॉ. भीमराव रामजी अम्बेडकर जी की जयंती पर उन्हें शत् शत् नमन।
संविधान निर्माता के रूप मे उनका जो योगदान है उसका यह देश हमेशा ऋणी रहेगा। आधुनिक भारत की नींव तैयार करने में उनकी महती भूमिका रही है। बाबासाहेब की प्रेरणा से उसी नींव पर हम नए भारत का निर्माण कर रहे हैं। बाबा सहाब बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। उन्होने विषम परिस्थितियों में संघर्ष कर न केवल उच्च शिक्षा ग्रहण की, बल्कि समाज को भी शिक्षित किया। बाबा साहब ने जिस तरह समाज में फैले जातिवाद और भेदभाव को मिटाने के लिए जितना प्रयास किया आज उसी का परिणाम है कि हमसब एक सामाजिक समरसता के भाव से समाज में रहते हैं। इस दौरान अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, अपर नगर आयुक्त शिव पूजन यादव, उद्यान प्रभारी अनुज कुमार सिंह, चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन, प्रदीप चौहान व समस्त जोनल प्रभारी उपस्थित रहे।















