पंचायत चुनाव के लिए सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम

-चुनाव में खलल डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

गाजियाबाद। जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने और असमाजिक तत्वों से निपटने के लिए सरकारी तंत्र ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। मतदान के कारण पोलिंग सेंटरों पर हंगामा, बूथ कैप्चरिंग और बेवजह के विवाद की स्थिति में पुलिस सख्ती से निपटेगी। डीआईजी/एसएसपी अमित पाठक ने इस संबंध में मातहतों को कड़े दिशा-निर्देश दिए हैं। एसएसपी ने बताया कि पंचायत चुनाव के लिए 6000 से अधिक पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। जिले के अलावा हापुड़, बागपत जनपद से भी पुलिस फोर्स मंगाई गई है। पीएसी जवानों को प्रत्येक बूथ पर तैनात किया जाएगा। प्रत्येक पोलिंग सेंटर पर सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए ठोस प्रबंध कर लिए गए हैं। चुनावी फिजा बिगाडऩे वालों को चिन्हित करने के साथ उन पर निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई है। हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन पूरा होने के बाद जिले के 75 हिस्ट्रीशीटर लापता मिले हैं। पुलिस इनकी तलाश में जुटी हैं। जिले में आज 311 मतदान केंद्र व 958 बूथों पर मतदान होगा। इनमें से 70 केंद्र संवेदनशील,42 केंद्रों को अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस और पीएसी जवान तैनात रखने के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर रहेगा। इन सभी केंद्रों की वीडियोग्राफ्री भी होगी। असलाह धारक वोटरों को प्रभावित न कर सके,इसलिए अधिकांश शस्त्र लाइसेंस जमा करा लिए गए हैं। बड़ी संख्या में संदिग्ध व्यक्तियों पर 107/16, गुंडा एक्ट व 110जी के तहत कार्रवाई की गई है। जिले को 23 जोन व 78 सेक्टरों में बांटा गया है। एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि चुनाव को शांतपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान संपन्न कराया जाएगा। वहीं,मतदान केंद्रों में सैनिटाइजर ले जाने पर रोक लगा दी गई है। ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण सैनिटाइजर मतदान केंद्र में प्रतिबंधित किया गया है। मतदान केंद्र के बाहर सैनिटाइजर उपलब्ध रहेगा। वोट डालने जाने व वोट डालकर आने के बाद सैनिटाइजर का इस्तेमाल किया जा सकेगा।एसएसपी ने बताया कि चुनाव के दौरान ऐसे 50 से अधिक अपराधी चिन्हित किए गए हैं, जिनके परिजन चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें से कुछ अपराधी जेल में हैं वहीं,कुछ फरार हैं। पुलिस इनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है,वहीं,इनके परिजनों पर कड़ी निगाह रखी जा रही है। एलआईयू को इनकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कहा गया हैं। जिले को 22 जोन और 78 सेक्टरों में बांटा गया हैं। इन सभी सेक्टर व जोन में पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे। ब्लॉक स्तर पर एसपी और थाना स्तर पर डिप्टी एसपी अधिकारी तैनात रहेंगे। जिले में कुल 311 मतदान केंद्र और 958 मतदान बूथ बनाए गए है। इनमें 70 संवेदनशील और 42 अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं। जबकि 199 मतदान केंद्र सामान्य रहेंगे। डीआईजी अमित पाठक ने बताया कि 1304 हिस्ट्रीशीटर में 1103 मिले है,जबकि 124 जेल मेें बंद है,2 मर चुके है,75हिस्ट्रीशीटर लापता हैं।इनके अलावा 124 पर गुंडा एक्ट,464 पर 110 जी,68 गैंगस्टर,13947 पर धारा-107/16 के तहत कार्रवाई की गई हैं। एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों का डाटा एकत्र किया गया था। इसमें 50 से अधिक हिस्ट्रीशीटर,अपराधियों व जेल में बंद आरोपियों के परिजन या रिश्तेदार पंचायत चुनाव लड़ रहे हैं। इन अपराधियों से जुड़े पोलिंग बूथों की विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। बीट स्तर तक के पुलिसकर्मियों को उम्मीदवारों की हर हरकत पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।